जिला कलक्टर ने छबड़ा में मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
बारां। नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा ने गुरूवार को छबड़ा क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, रैम्प, शेड, व्हीलचेयर तथा प्रतीक्षा स्थल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। असावा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी मतदाताओं को मतदान के दिन बेहतर सुविधा एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिला मतदाताओं के लिए मतदान केन्द्रों दी जाने वाली सुविधाओं के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि मतदान दिवस के दिन उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।साथ ही शैक्षणिक उन्नयन के लिए कड़ी मेहनत के साथ नियमित पढ़ाई करने को कहा। इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी भी साथ रहे।