साहित्य परिषद के स्नेह मिलन समारोह में बही काव्य रस की धारा
बारां। अखिल भारतीय साहित्य परिषद का दीपावली स्नेह मिलन समारोह चौमुखा बाजार स्थित पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार कन्हैयालाल शर्मा के आवास पर आयोजित किया गया। जिसमें हुई विचार गोष्ठी में काव्य रस की धारा बही। प्रेस प्रवक्ता राजेश पंकज रंगीला ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कवि संगम के अध्यक्ष दयाचंद जैन, वरिष्ठ साहित्यकार हरि अग्रवाल व द्वारकालाल गुप्ता ‘बेकल‘ थे। अध्यक्षता कन्हैयालाल शर्मा ने की। मंच संचालक एवं युवा रचनाकार सुनिल शर्मा ने सभी अतिथियों एवं रचनाकारों का स्वागत किया। संचालन बच्छराज राजस्थानी ने किया। सौभागमल वैष्णव की सरस्वती वंदना से प्रारंभ हुई काव्य एवं विचार गोष्ठी को परिषद अध्यक्ष भैरूलाल भास्कर ने परवान चढ़ाया। उन्होंने ‘दिवाली के दीप दिलों के द्वार प्रेम रस बरसाये, फुलझड़ियों के संग फटाखे फूट-फूट मन हरसाये। मिटे अभाव अज्ञान अंधेरा, बंटे मिठाई घर-घर में, देख मिठाई काजू की पानी मुंह में भर-भर आए।‘ गीत पढ़कर सबको प्रफुल्लित कर दिया। काव्य गोष्ठी में परिषद के पूर्व अध्यक्ष हेमराज बंसल, सूरजमल मियाड़ा, नाथूलाल निर्भय, ओम साहू, सुरेश चक्रधारी, हीरालाल कामेलिया, विनोद वर्मा, रामनिवास डांगोरिया, नूर मोहम्मद नूर, मेवाराम चौधरी आदि कवियों ने विभिन्न विधाओं में काव्य पाठ किया। आयोजक कन्हैयालाल शर्मा ने किया।