सिलिकोसिस से मृत्यु होने पर परिवार की मददगार बनी सरकार
5 लाख रूपए की आर्थिक सहायता, विधवा पेंशन व पालनहार योजना का भी लाभ मिला
कोटा । कोटा के अनन्तपुरा बरड़ा बस्ती निवासी संतोष मेहरा के पति की सिलिकोसिस बीमारी से मृत्यु होने पर इस परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिला कलक्टर ओपी बुनकर के निर्देश पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा अविलम्ब कार्यवाही करते हुए सिलिकोसिस नीति 2019 के तहत पीड़िता व उसके परिवारों को 5 लाख रूपए की आर्थिक सहायता, साथ ही विधवा पेंशन एवं पालनहार योजना का लाभ देकर पीड़ित परिवार को तुरंत राहत दी गई।
संतोष मेहरा ने पत्थर घिसाई का कार्य करने वाले अपने पति मनोज मेहरा की सिलिकोसिस बीमारी से मृत्यु होने एवं अपने परिवार की आर्थिक समस्या के बारे में जिला कलक्टर को अवगत कराया। इस पर जिला कलक्टर ने अतिसंवेदनशीलता का परिचय देते हुए उप निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को तुरंत आवश्यक कार्यवाही करते हुए पीड़िता को राहत देने के निर्देश दिए। इस पर संबंधित विभाग ने मनोज मेहरा की स्वास्थ्य जांच के आधार पर सिलिकोसिस प्रमाण पत्र जारी होने पर 3 लाख रूपए एवं उक्त बीमारी से पति की मृत्यु होने पर 2 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दी गई। इसके अलावा पांच सौ रूपए प्रतिमाह विधवा पेंशन तथा पालनहार योजना में एक हजार रूपए प्रतिमाह प्रति बच्चे को आर्थिक सहायता देकर लाभान्वित किया गया।
राज्य सरकार की सिलिकोसिस नीति 2019 के अन्तर्गत खनन कार्य/पत्थर घिसाई में लगे कामगारों की सिलिकोसिस बीमारी से मृत्यु होने पर परिवार को 5 लाख रूपए तक आर्थिक सहायता एवं विधवा पेंशन तथा पालनहार योजना में लाभ दिया जाता है।