बुझ गया घर का चिराग, दोस्त पर हत्या का आरोप
सूरतगढ़. घर से लापता युवक का शव इन्दिरा गांधी मुख्य नहर की 465 आरडी के पास मिला। मृतक के भाई ने इस संबंध में मृतक के दोस्त व दोस्त के मामा सहित अन्य जनों के खिलाफ हत्या करने के आरोप में सिटी पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया है।
पुलिस ने बताया कि गांव राजपुरा पीपेरन निवासी रामस्वरुप ने रिपोर्ट दी कि उसका चचेरा भाई चंद्रभान(18) सोमवार सुबह अपने छोटे भाई कृष्ण को अपने मित्र गौरव मेघवाल की दुकान पर जाने का बोल कर गया था वहां से कुछ देर बाद वापस घर आ गया। इसके बाद वह गौरव व उसके मामा वेदप्रकाश के साथ कही जाने का कहकर घर से निकला। शाम तक वापस घर नहीं लौटने पर परिजनों ने मंगलवार सुबह चंद्रभान के दोस्तों से सम्पर्क किया तो उन्होने बताया कि सोमवार को चंद्रभान सूरतगढ़ में हाउसिंग बोर्ड में दोस्तों के साथ था और वहां पर शराब पी थी, फिर उसे बस स्टेण्ड पर छोड़ दिया था। परंतु चंद्रभान घर पर नहीं पहुंचा जिस पर परिजन बुधवार सुबह गौरव व वेद प्रकाश के घर चंद्रभान के बारे में पूछने गए तब उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बार-बार चंद्रभान के बारे में पूछने पर गौरव व वेद प्रकाश ने कहा कि सूरतगढ़ हाउसिंग बोर्ड में दोस्तों के पास चलते हैं वहां पर गौरव के दोस्तों से पूछताछ में पता चला कि चंद्रभान 19 जून को उसके साथ था। तीनों दोस्तों ने शराब पी थी, फिर उसे बस स्टेण्ड छोड़ दिया था और उसका फोन भी टूट गया था। परिजनों ने इस जानकारी के आधार पर सिटी थाने में चंद्रभान की गुमशुदगी दर्ज करवाएं।
इस दौरान मृतक के बुआ के लड़के अनिल ने परिजनों को फोन कर सूचना दी कि चंद्रभान की लाश इन्दिरा गांधी नहर की 465 आरडी के पास नहर में तैर रही है। इसके बाद मृतक के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। मृतक के शरीर के जगह जगह चोट के निशान मिले। इसके बाद गुरुवार को सिटी पुलिस थाना में मृतक भाई रामस्वरुप की रिपोर्ट पर गौरव, वेदप्रकाश व गौरव के दोस्तों के खिलाफ हत्या कर शव को नहर में डालनेे के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया। वहीं मृतक का शव छतरगढ़ की मोर्चरी में रखवाया गया था जिसे सिटी पुलिस और परिजन सूरतगढ़ राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में लेकर आए यहां पर मृतक के रिश्तेदार व समाज के लोगों ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया और आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सिटी थाने के समक्ष कुछ देर के लिए धरना भी लगाया गया मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी थाना अधिकारी कृष्ण कुमार ने वार्ता के लिए प्रतिनिधिमंडल को बुलाया। वार्ता में राजपुरा पीपेरन सरपंच लालचंद लोहरा, नायक समाज के युवा नेता राकेश नायक, किसान नेता राकेश बिश्नोई, कामरेड सखी मोहम्मद, हेमराज भादू, सहित परिजन वार्ता में मौजूद रहे। वार्ता में थानाधिकरी ने उचित कार्यवाही कर दोषियों को पकड़ने की कार्यवाही जल्द से जल्द करने का भरोसा दिलवाया। जिस पर परिजन पोस्टमार्टम करवाने पर राजी हुए। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। वही सिटी पुलिस गंभीरता से इस मामले की जांच में जुट गई है