चिनाई करते मिस्त्री के लगा करंट का जानलेवा झटका
हाईटेंशन लाईन के टच होते ही दिवार से नीचे जा गिरा
बीकानेर। खाजूवाला में एक निर्माणधीन ढाबे की दिवार चिनाई करते मिस्त्री के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाईटेंशन लाईन के करंट का ऐसा झटका लगा कि वह नीचे जा गिरा। हालांकि उसकी जान तो बच गई लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गया,जिसे पीबीएम होस्पीटल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरें में हुई इस दुखदायी घटना का विडियों भी वायरल हुआ है,जिसमें करंट लगते ही चिनाई मिस्त्री दिवार से नीचे गिरता दिख रहा है। प्रथम दृष्टया इस मामले में चिनाई मिस्त्री की लापरवाही नजर आ रही है जिसने दिवार के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाईन की तरफ ध्यान नहीं दिया और दिवार पर खड़ा हो गया। करंट इतना भीषण था कि हाईटेंशन लाईन के टच होते ही वह नीचे जा गिरा।
घटना के संबंध मे मिली जानकारी के अनुसार खाजूवाला-रावला रोड पर वार्ड नंबर 18 में पडि़हार गेस्ट हाउस के पास एक ढाबे पर चिनाई का काम चल रहा था। जिसमें 28 वर्षीय मुनसफ खान पुत्र थिराज खान निवासी वार्ड नंबर 14 खाजूवाला मिस्त्री का काम कर रहा था। तभी बिजली की लाईनें नीचे होने पर मुनसफ बिजली तारों की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान बिजली की स्पार्किंग भी हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने मुनसफ को इलाज के लिए सीएचसी खाजूवाला पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में पीबीएम हॉस्पिटल बीकानेर रैफर कर दिया। सूचना मिलने के बाद खाजूवाला पुलिस भी मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। लेकिन घायल मुनसफ के सिर सहित अन्य हिस्सों में ज्यादा चोटें लगने पर होश नहीं आने पर बयान नहीं हो सके।