कृष्ण जन्मोत्सव पर पंडाल जयकारों से गूंजा
रतनगढ़ । संसार के मूल में भगवान है। उनका स्मरण करने मात्र से मन को शांति मिलती है और विपत्तियों का नाश होता है। भगवान के भजन से मन में निर्भयता आती है। उनका भक्त किसी से डरता नहीं हैं। उक्त धर्म प्रवचन संत प्रहलाद महाराज ने आर्या पब्लिक स्कूल में हो रही भागवत कथा के दौरान प्रातः प्रवचन पंडाल में दिया। उन्होंने कहा कि हम जिन अच्छी बातों को मानते हैं, वह बात करना नहीं चाहते । करना तो सब चाहते हैं पर सब अपने मन की करते हैं। उन्होंने नामजप नियम की प्रेरणा देते हुए कहा कि भगवत नाम जप नियम आगे बढ़ता रहेगा, तो मानव जीवन सार्थक हो जाएगा। कृष्ण जन्मोत्सव पर बड़ी संख्या में धर्म श्रद्धालु आए तथा भावपूर्ण भगवान के अवतारों की कथा सुनकर माधुर्य रस का आनंद लिया। भगवान के अवतारों का वर्णन करते हुए महाराज ने कहा कि भगवान सबकी रक्षा के लिए अवतार लेते हैं। कृष्ण जन्मोत्सव पर पंडाल को भव्य सजाया गया। जन्म प्रसंग अवसर पर प्रवचन पंडाल भगवान के जयकारों से गूंज उठा। कथा में अवतारों की संजीव झांकियां भी दिखाई गई ।कथा शुरू होने से पूर्व व्यासपीठ की पूजा अर्चना अंबिकाप्रसाद हारित अनुराग हारित ने की। गुरुवार की प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में धर्म श्रद्धालुओं ने प्रभात फेरी का आध्यात्मिक लाभ उठाया। भागवत कथा में दादूद्वारा महंत देवदास महाराज, पालिकाध्यक्ष अर्चना सारस्वत, पूर्व पालिका अध्यक्ष संतोषबाबू इंदौरिया, हेमंत सारस्वत, किशोरीलाल बील, पृथ्वीराज प्रजापति ,लक्ष्मणगढ़ से नटवर जोशी ,आत्माराम मिश्र, अरुण तिवारी, सुशील तिवारी, मनोज जोशी , प्रकाश प्रजापत, बद्रीप्रसाद बनसिया, कथावाचक कोमल किशोरी , गरिमा सैनी, राजकुमार मुरारका , हीरालाल नोहाल,कुणाल व्यास, जगमोहन हारित ,सतीश हरितवाल, गिरधारीलाल बाजोरिया , पालिका सदस्य नंदकिशोर भार्गव, निरंजन रूंथला सहित बड़ी संख्या में धर्म श्रद्धालु उपस्थित थे।