Dark Mode
‘मन हवा’ में दिखी सच्चाई की ताकत, अस्सी के नए गाने ने जीता दिल

‘मन हवा’ में दिखी सच्चाई की ताकत, अस्सी के नए गाने ने जीता दिल

मुंबई। तापसी पन्नू की बहुप्रतीक्षित कोर्ट ड्रामा फिल्म ‘अस्सी’ अपने नए गाने ‘मन हवा’ के साथ दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। सोमवार को रिलीज हुआ यह गाना न सिर्फ भावनात्मक है, बल्कि फिल्म की सोच और संघर्ष को भी मजबूती से सामने लाता है।

‘मन हवा’ डर के बजाय साहस, खामोशी के बजाय सच्चाई और समझौते के बजाय आत्मसम्मान को चुनने की प्रेरणा देता है। गाने की धुन और बोल धीरे-धीरे दिल में उतरते हैं और मुश्किल हालात में मजबूती से खड़े रहने का संदेश देते हैं।

इस गाने को मोहित चौहान, परंपरा टंडन और रोचक कोहली ने अपनी आवाज दी है, जबकि संगीत की जिम्मेदारी भी रोचक कोहली ने निभाई है। मोहित चौहान का कहना है कि उन्हें ऐसे गीत पसंद हैं जो कहानी कहते हैं और दिल से जुड़े होते हैं। ‘मन हवा’ को रिकॉर्ड करते वक्त उन्होंने हर भावना को महसूस किया।

निर्देशक अनुभव सिन्हा ने इस ट्रैक को फिल्म की भावनात्मक धड़कन बताया है। उनके मुताबिक, यह गाना केवल मनोरंजन नहीं करता, बल्कि दर्शकों को सच के लिए खड़े होने की हिम्मत भी देता है। यह उस आंतरिक शक्ति का प्रतीक है, जो हर इंसान के भीतर मौजूद होती है।

‘थप्पड़’ और ‘मुल्क’ जैसी सामाजिक फिल्मों के बाद अनुभव सिन्हा एक बार फिर ‘अस्सी’ के जरिए न्याय, सच्चाई और संघर्ष की कहानी लेकर आए हैं। फिल्म में तापसी पन्नू के साथ कानी कुसृति, रेवती, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा, जीशान अय्यूब, नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

टी-सीरीज के बैनर तले बनी यह फिल्म 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ऐसे में ‘मन हवा’ ने पहले ही दर्शकों की उम्मीदों को नई उड़ान दे दी है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!