बूंदी रेडक्रॉस के सेवा कार्यों की सराहना की राष्ट्रपति ने
बून्दी। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी का वार्षिक सम्मेलन राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली मे राष्ट्रपति एवं रेडक्रॉस की राष्ट्रीय अध्यक्ष द्रौपदी मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। जिसमें 14 राज्यों के रेडक्रॉस अध्यक्ष एवं राज्यपालों सहित पूरे देश से 250 प्रतिनिधि सम्मिलित रहे। इस वार्षिक सम्मेलन में राजस्थान के प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला ने किया तथा बूंदी से रेडक्रॉस सचिव अशोक विजय भी इसमें सम्मिलित हुए। सम्मेलन में रेड क्रॉस को क्षय रोग निवारण हेतु निक्षय योजना में तथा अंग एवं देहदान में विशेष कार्य योजना बनाकर भाग लेने का आह्वान किया गया। सम्मेलन में बूंदी रेडक्रॉस को क्षय रोग निवारण हेतु निक्षय योजना तथा अंग एवं देहदान में विशेष कार्य करने पर राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
16 वर्षों से संचालित सुधा प्रकल्प को सराहा
वार्षिक सम्मेलन के पश्चात राष्ट्रपति निवास में राजस्थान के प्रतिनिधि मंडल से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुलाकात कर गतिविधियों की जानकारी ली। इस मुलाकात के दौरान बून्दी रेडक्रॉस सचिव अशोक विजय ने बूंदी शाखा द्वारा किए जा रहे कार्यो की जानकारी देते हुए 16 वर्षों से लगातार संचालित सुधा प्रकल्प में 5 रूपयें में असहाय लोगों को भरपेट भोजन उपलब्ध करवाए जाने के बारे में भी बताया।। राष्ट्रपति ने इस कार्य की प्रशंसा करते हुए अन्य रेडक्रॉस भवनों में भी ऐसा कार्य करने के लिए कहा।