बाबा के दरबार में वही भक्ति की रस गंगा
भुसावर . खाटू श्याम मंदिर प्रांगण में खाटूश्याम बाबा के रात्रि जागरण कार्यक्रम का आयोजन भुसावर पदयात्रा मण्डल द्वारा किया गया जिसका शुभारंभ बाबा के दरबार में पावन ज्योति प्रज्वलित करते हुए हुआ। कार्यक्रम का श्री गणेश कलाकार सोहन सिंह द्वारा गणपति वंदना, हनुमान वंदना एवं गुरु वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम में जयपुर से पधारे कलाकार डालू राजू बृजवासी पागल द्वारा बाबा के मनमोहक भजन सुना कर उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया तो दूसरी ओर कलाकार पंकज कटारा जो रुदावल से कार्यक्रम में भाग लेने आए उन्होंने बाबा के मनमोहक भजन सुना कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया और श्रोता बाबा के ध्यान में मग्न दिखाई दिए। खाटू श्याम मंदिर पर चल रहे रात्रि जागरण कार्यक्रम में आगरा से आए गायक कलाकार राजेश काला द्वारा हम तो बाबा के भरोसे चलते हैं सहित विभिन्न भजन सुना कर बाबा की महिमा का गुणगान किया। बयाना के सिकंदरा से आए गायक कलाकार राजेश सैनी द्वारा बाबा की मोर्छड़ी एवं श्रृंगार सहित विभिन्न रचनाएं सुनाकर भक्तों को नाचने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों सहित आगंतुकों का माला दुपट्टा पहनाते हुए प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का समापन प्रातः आरती के बाद प्रसाद वितरण करते हुए किया गया।