Dark Mode
ब्रह्मशक्ति गरबा एवं डांडिया महोत्सव में एक साथ थिरकीं तीन पीढ़ियाँ

ब्रह्मशक्ति गरबा एवं डांडिया महोत्सव में एक साथ थिरकीं तीन पीढ़ियाँ

दादी/नानी - माँ/बेटी के सामूहिक डांडिया से विश्व रिकाॅर्ड बनाने का प्रयास
लोकपरम्परा, पारिवारिक एकता और नारी शक्ति का उत्सव बना आयोजन

जयपुर। सर्व ब्राह्मण महासभा के जयपुर जिला महिला प्रकोष्ठ की ओर से एम.आई. रोड़ स्थित चैम्बर भवन में ‘‘ब्रह्मशक्ति गरबा एवं डांडिया महोत्सव 2026’’ का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने गरबा एवं डांडिया नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। देवी आराधना और लोकनृत्य के संगम ने आयोजन को भक्तिमय एवं उत्सवपूर्ण बनाया। महोत्सव का प्रमुख आकर्षण ‘‘तीन पीढ़ियों का डांडिया - दादी/नानी, माँ और बेटी’’ रहा। इसमें 55 तिकड़ियों की कुल महिलाओं ने एक साथ निर्धारित डांडिया नृत्य में भाग लेकर विश्व रिकाॅर्ड बनाने का प्रयास किया। एक ही मंच पर तीन पीढ़ियों की सहभागिता ने परिवार, परम्परा और नारी शक्ति का संदेश दिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाजसेवी एवं धर्मरक्षक पंडित हरि शंकर बीलवाल ने कहा कि कार्यक्रम में दादी, मां और बेटी की एक साथ भागीदारी ने पारिवारिक एकजुटता, संस्कारों की निरंतरता और नारी शक्ति का सुंदर संदेश दिया। ऐसे सांस्कृतिक उत्सव न केवल पीढ़ियों के बीच रिश्तों को मजबूत करते हैं, बल्कि समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। दादी और नानी के अनुभव, माताओं के उत्साह तथा बेटियों की उमंग का अनूठा संगम इस आयोजन में देखने को मिला। परिवार की तीन पीढ़ियों ने एक साथ डांडिया खेलकर यह संदेश दिया कि सांस्कृतिक परम्पराएं साझा सहभागिता से जीवंत रहती हैं। वरिष्ठ महिलाओं के साथ नई पीढ़ी की भागीदारी ने आयोजन को विशेष पहचान दी। कार्यक्रम में माता की पूजा-अर्चना एवं सामूहिक महाआरती की गई। उपस्थित महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक आराधना कर सुख, समृद्धि और परिवारों के कल्याण की कामना की। इसके बाद गरबा एवं डांडिया की प्रस्तुतियों में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। पारंपरिक गीतों और डांडिया की ताल से आयोजन स्थल पर उल्लास का वातावरण बना रहा। जयपुर जिला महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष ममता शर्मा एवं संगठन महामंत्री डाॅ. कविता शास्त्री के नेतृत्व में आयोजन की व्यवस्थाएं की गईं। तीन पीढ़ियों वाली प्रतिभागी तिकड़ियों के पंजीकरण, समन्वय और सामूहिक प्रस्तुति के लिए विशेष व्यवस्था की गई। महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के संचालन में सहयोग दिया। महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता के अवसर देना, पारिवारिक संबंधों को मजबूत करना और नई पीढ़ी को भारतीय लोकपरंपराओं से जोड़ना रहा। आयोजन ने विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं को एक मंच पर अपनी संस्कृति का उत्सव मनाने और आपसी जुड़ाव बढ़ाने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पंडित हरिशंकर बीलवाल, पंडित सुरेश मिश्रा जयपुर की सांसद श्रीमती मंजू शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, जयपुर की उपमहापौर सरोज कंवर, सर्व ब्राह्मण महासभा की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डाॅ शैल शास्त्री , प्रदेश अध्यक्ष दिनेश शर्मा जयपुर शहर के अध्यक्ष अजय शर्मा श्री बी एम शर्मा सचिव नरवर आश्रम समिति सहित समाज के पदाधिकारी प्रमुख रूप उपस्थित रहे। अतिथियों का आयोजक मंडल की ओर से स्वागत किया गया। महोत्सव में 1000 महिलाओं ने भाग लिया। आयोजन स्थल पर प्रवेश, सुरक्षा, स्वच्छता एवं अनुशासन की व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। समापन पर आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों, सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विजेताओं को प्राइज प्रदान किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन सौम्यता मिश्रा ने किया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!