तीन अवैध हथियारों के साथ तीन बदमाश गिरफ्तार
धौलपुर। बदमाशों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए निहालगंज थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे 315 बोर के 3 देसी तमंचे सहित 8 जिंदा कारतूस और एक बाइक जब्त की गई है। आरोपियों में से एक 3 साल से फरार चल रहा था।
सीओ सिटी सुरेश सांखला के नेतृत्व में बदमाशों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान को लेकर थाना प्रभारी भोजाराम ने बताया कि निहालगंज थाने की टीम ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पहली कार्रवाई करते हुए निहालगंज चौकी प्रभारी विकल सिंह ने मुखबिर की सूचना पर पुराने सदर थाने के पास से एक आरोपी आकाश उर्फ अक्की पुत्र दिलीप सिंह निवासी पटेवरी थाना बसई डांग को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से 315 बोर के दो देसी तमंचे और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं दूसरी कार्रवाई करते हुए ओड़ेला चौकी प्रभारी धर्मपाल सिंह ने भरतपुर से चोरी हुई बाइक को बरामद करते हुए आरोपी हरेंद्र उर्फ हरिओम पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी पंछीपुरा थाना कोलारी को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से 315 बोर का देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। थाना प्रभारी भोजाराम ने बताया कि तीसरी कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल दयालचंद ने अपहरण और हत्या के प्रयास के मामले में 3 वर्ष से फरार चल रहे आरोपी राजेश उर्फ राजकुमार पुत्र रामनाथ निवासी पवेसुरा को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया है। जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं दो आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में भी मामला दर्ज किया गया है।
----------------