Dark Mode
तंबाकू जहर है, दृढ़ संकल्प के साथ आज ही छोड़ें : सचिव तालेपा

तंबाकू जहर है, दृढ़ संकल्प के साथ आज ही छोड़ें : सचिव तालेपा

जैसलमेर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जैसलमेर, के तत्वावधान में शनिवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर अध्यक्ष ओमी पुरोहित जिला एवं सेशन न्यायाधीश के निर्देशन एवं सचिव किशोर तालेपा की अध्यक्षता में दरबारी का गांव में हैल्थ इम्प्रूवमेंट गतिविधियों के अर्न्तगत विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया। शिविर में उपस्थितों को जानकारी देते हुए सचिव किशोर तालेपा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जाता है। तंबाकू एक धीमा जहर है जो सेवन करने वाले व्यक्ति को धीरे-धीरे मौत के मुंह में धकेलता है। उन्होंने कहा कि हमें स्वच्छता व पर्यावरण से जुड़ना होगा तभी अच्छी आदतें एवं पॉजिटिव एनर्जी विकसित कर सकेंगे। साथ ही हम खेलों एवं शारीरिक गतिविधियों के साथ -साथ सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, योग व्यायाम जैसी प्रक्रियाओं से जुडकर नशों से आसानी से मुक्ति व अच्छा स्वास्थ्य पा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि तंबाकू सेवन की आदत हमेशा ही नुकसानदायक है। हमें अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखते हुए बुरी आदतों को छोड़ने एवं अपने रिश्तेदारों व सम्बंधियों को भी नशामुक्त करवाने संकल्प लेना चाहिए और दृढ आत्मविश्वास रखते हुए अपने साथ किए वादे को निभाना चाहिए यही इस दिवस का महत्व है। सचिव द्वारा नालसा एवं रालसा द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताया गया। शिविर में सचिव तालेपा द्वारा तंबाकू नियंत्रण कानून कोटपा 2003 के बारे में बताया कि इस कानून के तहत सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने, खुलेआम तंबाकू से संबंधित सामग्री बेचने पर कार्रवाई की जाती है इसके तहत 200 से 10,000 रूपए तक जुर्माना और 05 साल की कैद तक का प्रावधान है।

इस अवसर पर संभागियों को तम्बाकू एवं नशीले पदार्थों के उपयोग नहीं करने की शपथ दिलाई गई तथा संकल्प पत्र भरवाए गए। इसके साथ ही विभाग द्वारा चलाए जा रहे बाल विवाह निषेध अभियान एवं बाल श्रम निषेध अभियान में सक्रिय हिस्सेदारी निभाकर समाज को कुरितियों से मुक्त कराने का आह्वान किया। उन्होंने एक और विचारणीय विषय स्कूली ड्रॉप आउट बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़े जाने हेतु प्रत्येक व्यक्ति को अपने निजी स्तर पर हर संभव प्रयास करने का आह्वान किया तथा कोई अड़चन या सहायता की आवश्यकता होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण या तालुका विधिक सेवा समिति के कार्यालय में अथवा हेल्पलाईन 15100 पर सम्पर्क करने की सलाह दी। शिविर में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल मदनसिंह सोढा सहित अधिवक्ता शिप्रा शांडिल्य तथा खेमेन्द्र सिंह व अधिकार मित्र जगदीश कुमार ने भाग लेकर सहयोग प्रदान किया। शिविर के अंत में सचिव द्वारा सभी के मंगल स्वास्थ्य की कामना के साथ आभार व्यक्त किया गया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!