टोंक: विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
टोंक। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टोंक के सचिव दिनेश कुमार जलुथरिया के निर्देशानुसार विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन शहर स्थित नेहरू पार्क में किया गया, लोगों को अभियान संबंधी पर्चे वितरित किए गए। मुख्य वक्ता चीफ एल.ए.डी.सी. रमेश शर्मा ने उपस्थितजनों को बताया कि अभियान का उद्देश्य आमजन को लोक उपयोगिता सेवाओं से जुड़ी समस्याओं जैसे बिजली, पानी, परिवहन, बैंकिंग, बीमा, नगर निकाय, स्वास्थ्य, हवाई यात्रा टिकट आदि के समाधान हेतु सरल एवं सुलभ माध्यम उपलब्ध कराना है। कोई भी नागरिक अपनी समस्या या शिकायत रालसा के अधिकृत व्हाट्सएप नंबर 9119365734, नालसा हेल्पलाईन 15100, मोबाइल नंबर 9928900900 पर अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टोंक कार्यालय में दर्ज करा सकता है। प्राप्त शिकायतों पर सुलह-सहमति के माध्यम से समाधान का प्रयास किया जाएगा, और यदि सुलह संभव नहीं होती है तो संबंधित प्रकरणों की सुनवाई स्थायी लोक अदालतों में नि:शुल्क अधिवक्ता की सहायता से करवाई जाएगी। इस प्रक्रिया में दोनों पक्षों को सुनवाई का बराबर मौका दिया जाता है एवं अंत में लोकहित में समस्या का उचित समाधान किया जाता है, स्थायी लोक अदालत द्वारा पारित अवार्ड सिविल कोर्ट की डिक्री के समान होता है तथा पारित निर्णय के खिलाफ कहीं और अपील नहीं की जा सकती है। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के डिफेंस काउंसिल के अधिवक्तागण, कार्यालय के कर्मचारीगण एवं पीएलवी चन्द्रकला शर्मा उपस्थित रहे। पीएलवी चन्द्रकला शर्मा द्वारा मौके पर ही लोगों की शिकायतों को दर्ज किया गया, जिनका निपटारा सुलह अथवा स्थाई लोक अदालत के माध्यम से किया जाएगा।