कलेक्ट्रेट रोड से ट्रैफिक पुलिस ने हटाए अतिक्रमण
धौलपुर। कलेक्ट्रेट रोड पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार को अभियान चलाया। ट्रैफिक पुलिस के नेतृत्व में चलाए अभियान में टीम ने सड़क किनारे हथठेलों को हटाते हुए नो पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान किए। सड़क को खाली कराने की कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक पुलिस ने मौके से अस्थाई अतिक्रमण को भी हटा दिया।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक इंचार्ज टीनू सोगरवाल ने बताया कि धौलपुर बाड़ी हाईवे पर गुलाब बाग चौराहे से जगदीश टॉकीज तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि इस रोड पर कलेक्ट्रेट, सर्किट हाउस, एसपी ऑफिस सहित कई महत्वपूर्ण विभाग संचालित हैं, जिनके बाहर सड़क पर करीब 90 फीट के रोड को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। ट्रैफिक इंचार्ज ने बताया कि सड़क पर लोगों ने अस्थाई अतिक्रमण कर जाम की समस्या को पैदा कर दिया था। कार्रवाई के दौरान मौजूद ट्रैफिक इंचार्ज ने बताया कि मौके से अस्थाई हथठेलों को सड़क से हटाकर फुटपाथ पर शिफ्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि सड़क से अतिक्रमण हटाने के साथ ही नो पार्किंग में खड़े वाहनों की चालान किए गए हैं। जिसके साथ ही लोगों को भविष्य में अतिक्रमण ना करने की चेतावनी दी गई है।