Dark Mode
कांगो में दर्दनाक हादसा : दो स्कूलों में आग के बाद भगदड़, 24 बच्चों की मौत

कांगो में दर्दनाक हादसा : दो स्कूलों में आग के बाद भगदड़, 24 बच्चों की मौत

बुकावू। पूर्वी डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) के बुकावू शहर में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। दो स्कूलों में अचानक आग लगने के बाद बच्चों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान भगदड़ और आग की चपेट में आने से कम से कम 24 स्कूली बच्चों की मौत हो गई।

हादसा घनी आबादी वाले कदूतू समुदाय क्षेत्र में हुआ। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि स्कूलों के आसपास बने करीब 300 रिहायशी मकान भी इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते कई घर पूरी तरह जलकर राख हो गए और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में बच्चों के अलावा कुछ वयस्क भी शामिल हैं। वहीं, हादसे में घायल दर्जनों बच्चों और स्थानीय निवासियों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पतालों में इलाज करा रहे बच्चों की स्थिति ने हादसे की भयावहता को और उजागर किया है।

स्थानीय प्रशासन ने गुरुवार शाम तक 24 बच्चों की मौत की पुष्टि की। हालांकि, घटनास्थल पर मलबे और टिन की चादरों से बने ढांचों के बीच तलाशी अभियान अभी जारी है। ऐसे में अधिकारियों को आशंका है कि राहत और बचाव कार्य आगे बढ़ने के साथ मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

आग पर दोपहर तक काबू पा लिया गया था, लेकिन इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल राहत और बचाव दल प्रभावित इलाके में मलबा हटाने और संभावित पीड़ितों की तलाश में जुटे हैं।

बुकावू दक्षिण किवू प्रांत की राजधानी है और यह देश के घनी आबादी वाले पहाड़ी शहरों में शामिल है। शहर पर एम23 (M23) विद्रोहियों का कब्जा है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में हुए इस हादसे ने स्थानीय सुरक्षा और राहत व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!