Dark Mode
जोधपुर मंडल में रेल संचालन प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द और कई का बदला रूट

जोधपुर मंडल में रेल संचालन प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द और कई का बदला रूट

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में होने वाले तकनीकी कार्य के चलते 25 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक कई रेल सेवाओं के संचालन में बदलाव किया गया है। इस दौरान कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कई रेलगाड़ियां परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी। कुछ सेवाओं के समय में भी बदलाव किया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार कुचामन सिटी–नया खारड़िया तथा उम्मेद–खारिया खंगार रेलखंड के बीच स्थित पुलों पर गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जाएगा। इस तकनीकी कार्य के लिए आवश्यक ब्लॉक लिया जाएगा, जिससे ट्रेनों के संचालन पर अस्थायी असर पड़ेगा।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि 25 सितंबर को जोधपुर–हिसार (14891) और 26 सितंबर को हिसार–जोधपुर (14892) रेलसेवा पूरी तरह रद्द रहेगी।

इसके अलावा हनुमानगढ़–दादर एक्सप्रेस, ऋषिकेश–बाड़मेर एक्सप्रेस, जैसलमेर–जयपुर एक्सप्रेस, जोधपुर–वाराणसी सिटी एक्सप्रेस और जोधपुर–भोपाल एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों पर बदले हुए मार्ग से चलाई जाएंगी। मार्ग परिवर्तन के कारण इन ट्रेनों का बीकानेर, नागौर, मेडता रोड, कुचामन सिटी, नावां सिटी और सांभर लेक जैसे कई स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ वैकल्पिक स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव भी दिया जाएगा।

रेलवे ने यह भी बताया कि दिल्ली सराय–जोधपुर रेलसेवा (22421) 26 सितंबर को अपने तय समय से करीब एक घंटे की देरी से रवाना होगी। वहीं ऋषिकेश–बाड़मेर, वाराणसी सिटी–जोधपुर और भोपाल–जोधपुर रेलसेवाओं को भी अलग-अलग रेलखंडों में लगभग एक घंटे तक नियंत्रित (रेगुलेट) किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस या रेलवे हेल्पलाइन के जरिए जरूर जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!