शहीद दिवस पर अहिंसा यात्रा निकालकर दी श्रद्धांजलि
विद्यार्थियों ने देशभक्ति भावना के साथ लिया भाग
भोपालगढ़। शहीद दिवस पर स्थानीय उपखंड व नगर पालिका प्रशासन के साथ महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति (शांति एवं अहिंसा विभाग) के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को भोपालगढ़ उपखंड मुख्यालय पर स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद भगतसिंह, राजगुरु एवं सुखदेवसिंह की स्मृति में पंचायत समिति परिसर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों व विद्यार्थियों ने देशभक्ति भावना के साथ भाग लेकर शहीदों को श्रद्धासुमन श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश के प्रति उनके बलिदान को भी श्रद्धापूर्वक याद किया।
गांधी दर्शन समिति के ब्लॉक सह संयोजक हेमसिंह सैनी ने बताया कि शहीद दिवस के उपलक्ष में स्थानीय पंचायत समिति से अहिंसा मार्च की शुरुआत की गई और इसे उपखंड अधिकारी ताराचंद वैंकट, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश जाखड़, जिला सह संयोजक जोधपुर शिवकरण सैनी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मनोहरलाल मीणा, नायब तहसीलदार भूपेंद्र कुमार सेजू, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अल्फूराम टाक, गांधी दर्शन समिति के संयोजक ज्ञानचंद मुणोत, सहसंयोजक हेमसिंह सोलंकी व नगरपालिका कार्मिक धर्मेंद्र खोजा ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान निकाली गई अंहिसा यात्रा में गांधीवादी विचारक, स्काउट-गाइड व एनएसएस के स्वयंसेवक, स्कूली विद्यार्थी, नेहरू युवा केन्द्र तथा गैर सरकारी संगठनों के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। इन सभी प्रतिभागियों ने प्रेरणा स्रोत सुविचारों की तख्तियां हाथों में लेकर देशभक्ति नारों व जयकारों के साथ शहीदों व देशभक्तों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता का संदेश दिया। साथ ही विद्यार्थियों, युवाओं व गांधीवादी विचारकों ने शहीदों व भारत माता की जय जयकार भी की। वहीं इस दौरान अहिंसा यात्रा में शामिल लोगों ने जल ही जीवन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं देशभक्ति का भी संदेश दिया और पंचायत समिति से नेहरू सर्किल, किसान सर्किल, लेवी शहीद सर्किल, इंदिरा सर्किल व मुख्य बस स्टैंड होते हुए पुनः पंचायत समिति कार्यालय तक अहिंसा मार्च किया। इसके बाद पंचायत समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महान स्वतंत्र सेनानी शहीद-ए-आजम भगतसिंह, राजगुरू एवं सुखदेव के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भी श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनकी तस्वीरों पर पुष्प चढ़ाए और सभी वक्ताओं ने भी अपने।संबोधन में देश की आजादी में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले महान देशभक्तों के प्रति आमजन के मन में कृतज्ञता का भाव पैदा करने के साथ ही महात्मा गांधी के जीवन दर्शन से सीख लेकर स्वच्छता व समानता के प्रति जागरूक होने का भी संदेश दिया। बाद दो मिनट का मौन रखकर देश के लिए इन शहीदों की ओर से दिए गए अमर बलिदान को भी याद किया गया तथा कई विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की भी प्रस्तुति दी। इस मौके पर उज्जवल उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य रेवंतराम प्रजापत, राजकीय शारदा छात्रावास प्रभारी मरियम बानो, पीटीआई व प्रभारी श्री सैनी उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रवणकुमार भाटी, सूर्या उच्च माध्यमिक विद्यालय के अनिल, उपखंड स्तरीय महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के सदस्य रामस्वरूप गर्ग गांधीवादी विचारक रामकंवरी मेघवाल, गुड्डी चौधरी, संजू देवड़ा, यशमीन राठी, लक्ष्मी सरगरा, सुशीला, नगरपालिका कार्मिक दिनेश चोटिया, कपिल, दिनेश खोजा, सुमेर, दिलीप, निंबाराम, पुखराज, सुमेर गोदारा, मदन मोसलपुरी, महिपाल, रामराज प्रजापत व वीरेंद्र प्रजापत सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, गांधीवादी विचारक, नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक एवं सरकारी कर्मचारी उपस्थित थे।