त्रिनेत्र गणेश मेले में गत वर्ष की भांति हो इस वर्ष भी उत्कृष्ट व्यवस्था
सवाई माधोपुर। आवश्यक सेवाओं पानी, बिजली, सड़क, चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों के कार्यो की साप्ताहिक समीक्षा बैठक जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
जिला कलक्टर ने बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता रूपनारायण बैरवा को शहर की सड़कों एवं अन्य निर्माण कार्यो के बारे में विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। उन्होंने आगामी समय में आयोजित होने वाले त्रिनेत्र गणेश मेले की तैयारियों के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगर परिषद् एवं नगर विकास न्यास के अधिकारियों को रणथम्भौर रोड़ पर साफ-सफाई करवाने एवं अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्याे की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गत वर्ष की भांति इस बार भी साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
बैठक में उन्होंने विद्युत विभाग की प्रगति समीक्षा करते हुए अधीक्षण अभियन्ता को जिले में विद्युत सप्लाई को सुचारू करने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत बिलों के भुगतान के संबंध हो रही समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने के निर्देश दिए।
इसके साथ-साथ जिला कलक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यो एवं योजनाओं की प्रगति समीक्षा कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। उन्हांेंने कहा कि राज्य सरकार की जन कल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं से अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभांवित किया जाए।
सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज पैंडिंग प्रकरणों का समय पर करे निस्तारण:- जिला कलक्टर ने बैठक में विभागवार सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज पैंडिंग प्रकरणों की जानकारी लेकर पोर्टल पर दर्ज 180 दिन से अधिक के प्रकरणों को शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिन विभागों में सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों में बढ़ोत्तरी हुई है उन्हें शीघ्र प्रकरणों के समाधान करने के निर्देश प्रदान किए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर जितेन्द्र सिंह नरूका, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुरलीधर प्रतिहार, उपखण्ड अधिकारी सवाई माधोपुर अनिल चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीना, संयुक्त निदेशक कृषि रामजराज मीना, उप निदेशक उद्यान चन्द्र प्रकाश बड़ाया, मुख्य आयोजना अधिकारी बाबूलाल बैरवा सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।