सवारियों से लदा ट्रक पलटा, एक दर्जन लोग घायल
बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ में हाईवे पर परसनेऊ गांव के पास बेकाबू ट्रक पलटने से करीब एक दर्जन सवारियां घायल हो गई। ये सभी देशनोक में करणी माता मंदिर के दर्शन करके वापस लौट रहे थे। हादसे में एक युवक गंभीर घायल हुआ,जिसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रैफर किया गया। हालांकि बाद में सभी घायल फतेहपुर ही चले गए। जानकारी के अनुसार कितासर से परसनेऊ के बीच हाइवे पर ये ट्रक जा रहा था। ट्रक के पीछे बड़ी संख्या में लोग बैठे थे। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे इसमें सवार दस जनों के चोट आई। रामगढ़ शेखावाटी के गांव तिहाली व सरदारशहर के गांव सिंगड़ी के निवासी घायल हुए है। इनमें एक घायल 30 वर्षीय सुखवीर सिंह राजपूत को बीकानेर रेफर किया गया है परंतु वह यहां से फतेहपुर चले गए है। वहीं तिहाली निवासी 13 वर्षीय देवेन्द्र सिंह राजपूत व उसकी माता 36 वर्षीय कृष्णा तंवर, 65 वर्षीय केसर कंवर राजपूत, 70 वर्षीय भगवती राजपूत को भी ज्यादा चोट लगी है। वहीं सिंगड़ी निवासी 8 वर्षीय कृष्णसिंह, 45 वर्षीय सुप्यारदे कंवर व कमोद कंवर सिंगड़ी को चोटें आई है। वहीं 50 वर्षीय कानसिंह, 45 वर्षीय संतोष सिंह राजपूत, को मामूली चोटें आई है। रूद्रदेव सिंह, सायर सिंह, शिशपाल सिंह, नरेन्द्रसिंह, अरविंद सिंह भी चोटिल हुए है। ये सभी वापस फतेहपुर के लिए रवाना हो गए,वहीं पर इलाज लेंगे।