सकारात्मक सोच से ही मिलता है सच्चा आनंद : राज्यपाल बागडे
जयपुर। जीवन में सुख और संतोष का संबंध केवल धन-दौलत या भौतिक सुविधाओं से नहीं है। वास्तविक प्रसन्नता तब मिलती है, जब व्यक्ति का मन शांत हो और वह अपनी उपलब्धियों के प्रति संतुष्ट रहना सीखे। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने रविवार को जयपुर में आयोजित एक संगोष्ठी में यह विचार व्यक्त किए।
जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा की ओर से आयोजित ‘अध्यात्म से आरोग्य एवं आनंद की यात्रा’ संगोष्ठी को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आनंदमय जीवन के लिए बाहर के साथ-साथ भीतर की शांति भी जरूरी है। मन में सकारात्मक विचार रहेंगे, तभी व्यक्ति तनाव से दूर रहकर प्रसन्न रह सकता है।
राज्यपाल ने भारतीय संस्कृति में जीवन की शुद्धता और कल्याण को दिए गए महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता का अर्थ केवल शरीर या आसपास के वातावरण को साफ रखना नहीं है। विचारों, इरादों और कर्मों की पवित्रता भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समृद्धि का मतलब अधिक से अधिक धन और वस्तुएं जुटाना नहीं, बल्कि जो कुछ उपलब्ध है, उसमें संतोष महसूस करना है।
मन को नियंत्रित करने की चुनौती पर बात करते हुए बागडे ने कहा कि बेकाबू घोड़े को भी काबू में किया जा सकता है, लेकिन मन को शांत रखना कई बार कठिन हो जाता है। इसके लिए व्यक्ति को अपनी वाणी पर ध्यान देना चाहिए और परिस्थिति के अनुसार ही शब्दों का चयन करना चाहिए।
उन्होंने फिनलैंड का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रसन्नता सूचकांक में इस देश का अग्रणी स्थान वहां के लोगों में संतुष्टि की भावना से जुड़ा है। राज्यपाल ने प्रकृति के करीब रहकर जीवन जीने और सीमित संसाधनों में संतोष खोजने को तनावमुक्त रहने का रास्ता बताया। साथ ही उन्होंने राष्ट्र को सशक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इससे पहले आचार्य श्री महाश्रमण के शिष्य मुनिश्री सुधाकर जी ने अपने प्रवचन में कहा कि आनंदमय जीवन के लिए अपेक्षाओं को सीमित करना जरूरी है। उन्होंने अपरिग्रह को अपनाने, मन की शांति के लिए श्वसन तंत्र पर ध्यान देने और प्रत्येक कार्य की शुरुआत अपने इष्ट का स्मरण करके करने की प्रेरणा दी।