ट्रंप अभी भी ग्रीनलैंड हासिल करना चाहते हैं : डेनमार्क की पीएम
म्यूनिख। डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस में कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अभी भी ग्रीनलैंड को हासिल करने के इच्छुक हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि डेनमार्क को अपने स्वायत्त क्षेत्रों और लोगों के फैसले लेने के अधिकार की रक्षा करनी होगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका की आर्कटिक में सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए यूएस-डेनमार्क-ग्रीनलैंड वर्किंग ग्रुप बनाया गया है। फ्रेडरिक्सन ने कहा कि कुछ स्पष्ट “लक्ष्मण रेखाएं” हैं जिन्हें पार नहीं किया जाएगा।
हालांकि ट्रंप ने पहले मंच पर कहा था कि ग्रीनलैंड पर कब्जा करने के लिए सेना का इस्तेमाल नहीं करेंगे। उन्होंने आठ यूरोपीय देशों पर लगाए जाने वाले टैरिफ की धमकी पर फिलहाल कार्रवाई नहीं करने का भी ऐलान किया।
ग्रीनलैंड, डेनमार्क किंगडम का सेल्फ-गवर्निंग इलाका है, जिसमें कोपेनहेगन का नियंत्रण रक्षा और विदेश नीति पर है। ट्रंप ने 2025 में सत्ता संभालने के बाद बार-बार ग्रीनलैंड को “हासिल” करने की इच्छा जताई है, जिसके कारण यूरोप में विरोध भी हुआ।