कृषि विश्वविद्यालय के प्रबन्ध मण्डल की बीसवीं बैठक सम्पन्न
दीक्षांत समारोह में 527 अभ्यर्थियों को मिलेगी उपाधियां
कोटा । कृषि विश्वविद्यालय के प्रबन्ध मण्डल की बीसवीं बैठक शुक्रवार को विश्वविद्यालय के सभागार में कुलपति डॉ. अभय कुमार व्यास की अध्यक्षत में आयोजित की गई। जिसमें विश्वविद्यालय में 13 मार्च को आयोजित होने वाले षष्टम दीक्षान्त समारोह के संबंध में बताया गया।
जनसम्पर्क अधिकारी कृषि विश्वविद्यालय डॉ. मुकेश गोयल ने बताया कि दीक्षांत समारोह में 527 अभ्यर्थियों को उपाधियां ग्रेस पास देने का निर्णय लिया गया है। जिसमें स्नातक के 434, स्नातकोत्तर के 56 तथा विद्या वाचस्पति के 7 अभ्यर्थियों को राज्यपाल द्वारा डिग्री प्रदान की जाएगी एवं 23 अभ्यर्थियों को स्वर्ण पदक भी प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शोध एवं शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए वैज्ञानिकों को 50 लाख से अधिक की अनुसंधान परियोजना स्वीकृत करवाने पर तथा उच्च गुणवत्ता परक शोध पत्रों के प्रकाशन करने पर प्रोत्साहन राशि 7 से 10 हजार रूपए तक दिए जाने का प्रबन्ध मण्डल द्वारा अनुमोदन किया गया। निदेशक अनुसंधान डॉ. प्रताप सिंह ने विगत् वर्ष की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया। प्रबन्ध मण्डल के सदस्यों ने विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे अनुसंधान, प्रसार एवं शिक्षा के कार्यों को सराहा तथा और अधिक सार्थक प्रयास करने की बात कही।
प्रबन्ध मण्डल की बैठक में शिक्षाविद् प्रो. अयूब खान, रूकमणी मीना, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद डॉ. सीताराम शर्मा, चौथमल नागर, लोकेन्द्र सिंह, जिला कोषाधिकारी डॉ. प्रताप सिंह, डॉ. आईबी मोर्य, डॉ. डीके सिंह एवं वित्त नियंत्रक रामधन रैगर उपस्थित रहे।