आठ साल से फरार हिस्ट्रीशीटर सहित दो गिरफ्तार
आठ साल पूर्व खाचरियावास में दिनदहाड़े आरोपियों ने चुराया था डीजे
हेड कॉन्स्टेबल मुकेश व कॉन्स्टेबल दिलीप कुमार की रही अहम भूमिका,
दांतारामगढ़ । सीकर पुलिस अधीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ के विशेष अभियान के तहत दांतारामगढ़ एसएचओ मदन कड़वासरा के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए 8 साल से फरार हिस्ट्रीशीटर सहित एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। एसएचओ मदन कड़वासरा ने बताया कि साल 2015 में खाचरियावास कस्बे में दिनदहाड़े दोनों आरोपी डीजे चुरा कर फरार हो गए थे। फरार चल रहे दोनों आरोपियों को स्थाई वारंटी घोषित कर दिया गया था। हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी जयपुर इलाके में देखे गए हैं जिस पर विशेष टीम गठित कर दबिश देकर हिस्ट्रीशीटर मुकेश रैगर उर्फ नूरया पुत्र राम जीवन रैगर निवासी रायथल कालाडेरा व इदु खां उर्फ कालू उर्फ राजु पुत्र गन्नी खां निवासी जैतपुरा फुलेरा को गिरफ्तार किया गया है। एसएचओ ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर मुकेश रेगर के खिलाफ दांतारामगढ़, कालाडेरा, जयपुर सहित विभिन्न थानों में बलात्कार, चोरी, नकबजनी व दहेज प्रताड़ना के आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी में हेड कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार व कॉन्स्टेबल दिलीप कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है जिसमें अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।