ईरान में दो धमाके, 5 की मौत और 14 घायल
-
अहवाज और बंदर अब्बास में दो अलग धमाकों में पांच की मौत।
-
14 लोग घायल, कई इमारतें और वाहन क्षतिग्रस्त।
-
जांच जारी, सोशल मीडिया पर आईआरजीसी से जुड़े दावे खारिज।
तेहरान। ईरान के दक्षिण-पश्चिमी शहर अहवाज में शनिवार को एक आवासीय इमारत में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। विस्फोट से इमारत को गंभीर नुकसान पहुंचा और आसपास का इलाका अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फायर डिपार्टमेंट के प्रमुख ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दूसरी घटना ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में हुई। यहां एक विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि एक इमारत की दो मंजिलें पूरी तरह ध्वस्त हो गईं, कई वाहन और आसपास की दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
दोनों घटनाओं के बाद सुरक्षा बलों ने क्षेत्र की निगरानी कड़ी कर दी है। इज़राइल ने इन धमाकों में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है। इजराइली अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका देश इन विस्फोटों से किसी भी तरह जुड़ा नहीं है।
सोशल मीडिया पर इन धमाकों को लेकर कई दावे किए जा रहे हैं, जिनमें आईआरजीसी के नौसेना कमांडर को निशाना बनाए जाने का दावा भी शामिल है। हालांकि, अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम ने इसे पूरी तरह झूठा बताया और खारिज किया।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, होर्मोजगान प्रांत के क्राइसिस मैनेजमेंट के प्रमुख मेहरदाद हसनजादेह ने बताया कि दोनों विस्फोटों के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घायलों को तत्कालिक सेवाओं की मदद से अस्पतालों में भर्ती कराया गया।