सिपाही सहित दो जने 3.690 किलो अफीम सहित गिरफ्तार
सूरतगढ़. सिटी पुलिस ने बिश्नोई मंदिर के पास 3 किलो 690 ग्राम अफीम सहित दो जनों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी चितौडगढ़़ पुलिस लाइन में सिपाही के पद पर कार्यरत है। दोनों जनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उप अधीक्षक किशन सिंह ने बताया कि सिटी थाना की टीम ने शनिवार रात्रि को बिश्नोई मंदिर के पास एक मोटरसाइकिल सवार दो जनों को रोककर पूछताछ की। इनकी पहचान सोमासर निवासी सीताराम जाट व हनुमान जाट के रूप में हुई।
आरोपी हनुमान चितौडगढ़़ पुलिस लाइन का सिपाही है तथा उसकी भर्ती 2015 में हुई थी। पुलिस ने बताया कि दोनों जनों के पास बैग थे। इन बैगों से 3 किलो 690 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने इनके कब्जे से मोटरसाइकिल भी जब्त की है। दोनों जनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में हैडकांस्टेबल रामेश्वरलाल, दुर्गाराम, कांस्टेबल रमेश कुमार, कांस्टेबल सुखदेव, इन्द्राज आदि शामिल रहे।