Dark Mode
यूक्रेन ने रूसी कब्जे से वापस ली बिल्डिंग, लहराया झंडा

यूक्रेन ने रूसी कब्जे से वापस ली बिल्डिंग, लहराया झंडा

यूक्रेन ने अब रूस पर जवाबी हमला करना शुरू कर दिया है। हाल ही में यूक्रेन की आर्मी ने नेसकुचने शहर में रूस के कब्जे से अपनी एक बिल्डिंग को वापस लिया और उस पर यूक्रेन का राष्ट्रीय ध्वज लहरा दिया। रॉयटर्स के मुताबिक, बिल्डिंग के पास 3 रूसी सैनिकों के शव भी मौजूद थे। वहीं जपोरीजिया क्षेत्र में रूस की सेना के टॉप अफसर व्लादिमीर रोगोव की हमले में मौत हो गई। दूसरी तरफ, मंगलवार को क्रेमलिन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जंग को लेकर एक बैठक बुलाई। इसमें उन्होंने कहा कि यूक्रेन के जवाबी हमले का सामना करने के लिए उनके पास पर्याप्त हथियार नहीं हैं। पुतिन ने कहा- 16 महीने से चल रहे इस स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन में हमारे पास कई चीजों की कमी हो गई है। फिर चाहे वो हथियार हों, एयरक्राफ्ट और ड्रोन्स हों या कम्युनिकेशन डिवाइस। हमारे पास कई टैंक्स और एंटी टैंक वेपन्स की कमी है। हालांकि, हमारी मिलिट्री से जुड़ी कंपनियां इन्हें तेजी से डेवलप करने में जुटी हुई हैं।

पुतिन ने यूक्रेन के हमलों में नुकसान की बात से किया इनकार
दरअसल, अमेरिका और दूसरे देशों की तरफ से प्रतिबंध लगने के बाद रूस को एडवांस्ड वेपन्स के लिए जरूरी सामान इम्पोर्ट करने में दिक्कत आ रही है। वहीं, रूस ने यूक्रेन की तरफ से हो रहे सभी हमलों को नकार दिया है। पुतिन ने कहा- पिछले हफ्ते यूक्रेन की तरफ से जवाबी हमले शुरू होने के बाद अभी तक कोई ऐसा नुकसान नहीं हुआ है कि हमें अपनी सेना को नए आदेश देने पड़ें। हमें मैदान में और सैनिकों को उतारने की भी फिलहाल जरूरत नहीं है। इसके साथ ही पुतिन ने ये भी धमकी दी कि अगर बॉडर के पास यूक्रेन के हमले ऐसे ही जारी रहे तो वो इसे रोकने के लिए उनकी और जमीन पर कब्जा कर लेंगे। रूस लगातार ब्लैक सी ग्रेन डील को भी खत्म करने की चेतावनी दे रहा है। उसका कहना है कि अमेरिका और पश्चिमी देशों ने उसे धोखा दिया है। UN और तुर्किये की पहल पर साइन हुए ये डील 17 जुलाई को एक्सपायर हो रही है। ऐसे में इसे बरकरार रखने का फैसला रूस के हाथ में है।

पुतिन बोले- जंग खत्म करनी है तो यूक्रेन को हथियार भेजना बंद करो
पुतिन ने ये भी कहा कि अगर पश्चिमी देश ये जंग खत्म करना चाहते हैं तो उन्हें सबसे पहले कीव को हथियार सप्लाई करना बंद करना होगा। पुतिन ने बताया कि रूस यूक्रेन को डीमिलिट्रलाइज कर रहा है। अगर यूक्रेन की समस्या को बातचीत से सुलझाना है तो बाकी देशों को उसे हथियार और मदद भेजना बंद करना होगा, नहीं तो ये संघर्ष ऐसे ही जारी रहेगा।

जेलेंस्की के होमटाउन पर रूस का हमला, 10 की मौत
इससे पहले मंगलवार को रूस ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के होमटाउन क्रीवी रीह पर हमला किया था जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। रूस के डिफेंस डिपार्टमेंट ने एक वीडियो भी रिलीज किया है। इसके जरिए उन्होंने दावा किया है कि अमेरिका के हथियार और जर्मनी के लेपर्ड टैंक अब उनके कब्जे में हैं। करीब एक हफ्ते पहले जंग के बीच यूक्रेन का सबसे बड़ा डैम काखोवका तबाह हो गया था। 30 से ज्यादा गांव और कस्बों में बाढ़ आ गई थी। 2000 घर पूरी तरह से पानी में समा गए थे।

 

 

 

 

 

 

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!