बेकाबू ट्रोले ने कार को मारी टक्कर, एसएसटी प्रभारी सहित दो घायल
टोंक। लोकसभा चुनाव के अन्तर्गत थाना सदर टोंक के सामने नेशनल हाई-वे 52 पर जिला निर्वाचन विभाग की और से नियुक्त एसएसटी द्वारा की जा रही वाहनों की चैकिंग के दौरान एक कार की जांच पड़ताल करने के दौरान पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रोले ने कार को टक्कर मार दी, जिससे टीम के प्रभारी दुर्गाशंकर कुम्हार सहित दो जने घायल हो गये। मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह हाई-वे पर पक्का बंधा के पास चुनाव आचार संहिता की पालना कराने के लिए एस. एस. टी. द्वारा आने-जाने वाले वाहनों की चैकिंग की जा रही थी। इसी दौरान टीम द्वारा एक कार को रूकवाकर उसकी जांच पड़ताल की जा रही थी कि पीछे से आये एक बेकाबू ट्रोले ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे टीम के प्रभारी कृषि विस्तार के सहायक निदेशक दुर्गाशंकर कुम्हार पुत्र सीताराम (38) निवासी शिवाड़ एवं कार चालक कन्हैया लाल गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी बृजमोहन कविया मौके पर पहुंचे, जहां घायलों को सआदत अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। वृत्ताधिकारी टोंक राजेश विद्यार्थी भी सूचना मिलने पर सआदत अस्पताल पहुंचे, जहां घायलों के उपचार संबंधी जानकारी ली। पुलिस ने बेकाबू ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।