Dark Mode
केंद्रीय मंत्री ने खैरथल में तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

केंद्रीय मंत्री ने खैरथल में तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

  • सेनाओं के सम्मान में निकली तिरंगा यात्रा

खैरथल। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को खैरथल के भगत सिंह चौक पर वीर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात् उन्होंने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर यादव ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि "तीन रंगों का यह तिरंगा देश की शान है, यह हर भारतीय के दिल का स्वाभिमान है। यही गंगा है, यही हिमालय है, यही हिंद की जान है — और यही तीन रंगों में रंगा हुआ अपना हिंदुस्तान है।" केंद्रीय वन मंत्री ने देश के युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वच्छता, विज्ञान एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देकर भारत को 2047 तक विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने में भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने शहरों को स्वच्छ रखें, खेतों में युवाओं को प्रोत्साहित करें, और विद्यार्थियों में विज्ञान की भावना विकसित करें — तो हम आने वाली सदी में भारत की सामर्थ्य को नई ऊँचाइयों तक ले जा सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वैश्विक मंच पर आतंकवाद के विरुद्ध लिए गए ऐतिहासिक और पराक्रमी निर्णय का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत की सेनाओं ने उस निर्णय को धरातल पर उतारने में अपनी पराक्रम और क्षमता का पूर्ण प्रदर्शन किया है। इसी समर्थन में आज खैरथल की जनता ने यह भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की है।
इस तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। इस दौरान जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर, भाजपा जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, नगर परिषद सभापति हरीश रोघा, इंद्र यादव, अंजली यादव सहित अनेक प्रबुध व्यक्ति, विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक तथा बडी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!