Dark Mode
भारत-नेपाल के बीच यूपीआई लिंक शुरू, अब तुरंत और सस्ता होगा पैसा ट्रांसफर

भारत-नेपाल के बीच यूपीआई लिंक शुरू, अब तुरंत और सस्ता होगा पैसा ट्रांसफर

नई दिल्ली। भारत और नेपाल के बीच डिजिटल भुगतान व्यवस्था को मजबूत करते हुए एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) ने दोनों देशों के पेमेंट सिस्टम को जोड़ने की घोषणा की है। इस नई व्यवस्था के तहत भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) और नेपाल के नेशनल पेमेंट्स इंटरफेस (एनपीआई) के बीच क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट लिंकेज शुरू कर दिया गया है।

इस पहल से दोनों देशों के बीच पैसे भेजना और प्राप्त करना पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगा। अब यूजर्स मोबाइल नंबर, वर्चुअल पेमेंट एड्रेस (वीपीए) या यूपीआई आईडी के माध्यम से सीधे ट्रांजैक्शन कर सकेंगे। इसके लिए बैंक खाते की लंबी डिटेल साझा करने की आवश्यकता नहीं होगी।

फिलहाल यह सुविधा कुछ चुनिंदा बैंकों के जरिए उपलब्ध कराई गई है, लेकिन आने वाले समय में इसे अधिक वित्तीय संस्थानों तक विस्तार दिए जाने की योजना है। एनपीसीआई के अनुसार यह कदम भारत और नेपाल के बीच आर्थिक तथा डिजिटल सहयोग को नई मजबूती देगा।

नई व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यह है कि लेनदेन रियल-टाइम में होगा। इससे पारंपरिक रेमिटेंस सेवाओं की तुलना में समय और लागत दोनों में कमी आएगी। खासकर उन परिवारों के लिए यह सुविधा उपयोगी मानी जा रही है, जो नियमित रूप से सीमा पार पैसे भेजते या प्राप्त करते हैं।

एनपीसीआई इंटरनेशनल के एमडी और सीईओ रितेश शुक्ला ने कहा कि यह साझेदारी दुनिया भर में बदलती डिजिटल जरूरतों के अनुरूप नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनके मुताबिक, यह सिस्टम सुरक्षित, तेज और किफायती क्रॉस-बॉर्डर रेमिटेंस कॉरिडोर तैयार करता है।

नेपाल के नेशनल पेमेंट्स इंटरफेस से जुड़ी संस्था एनसीएचएल के सीईओ नीलेश मान सिंह प्रधान ने भी इस पहल को दोनों देशों के बीच सहयोग का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था सीमा पार फंड ट्रांसफर को आसान, सुविधाजनक और समावेशी बनाएगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रोजेक्ट जी20 समेत वैश्विक स्तर पर चल रहे उन प्रयासों के अनुरूप है, जिनका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय भुगतान प्रणाली को तेज, सस्ता और अधिक सुलभ बनाना है। इससे छोटे कारोबारियों, छात्रों, कामगारों और परिवारों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!