Dark Mode
अमेरिका का भारत को नया टैरिफ प्रस्ताव, 17% शुल्क से बढ़ सकती है व्यापारिक चुनौती

अमेरिका का भारत को नया टैरिफ प्रस्ताव, 17% शुल्क से बढ़ सकती है व्यापारिक चुनौती

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने भारत के साथ व्यापार को लेकर नए टैरिफ ढांचे का प्रस्ताव पेश किया है। इसके तहत भारतीय सामानों पर 17 प्रतिशत आयात शुल्क लगाने की संभावना जताई गई है। हालांकि, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय की सूची में शुल्क 25 प्रतिशत तक रखने का प्रावधान है। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होने पर इसे घटाकर 17 प्रतिशत किया जा सकता है। फिलहाल इस प्रस्ताव पर सार्वजनिक सुझाव मांगे गए हैं।

भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को लेकर एक बार फिर टैरिफ का मुद्दा चर्चा में है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने नए व्यापार ढांचे के तहत भारतीय उत्पादों पर 17 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है। इस फैसले का असर भारतीय निर्यातकों और अमेरिका के साथ कारोबार करने वाली कंपनियों पर पड़ सकता है।

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) की ओर से जारी प्रस्तावित सूची में भारतीय सामानों पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का विकल्प भी शामिल है। हालांकि, दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता होने की स्थिति में यह दर घटाकर 17 प्रतिशत की जा सकती है। ऐसे में भारत और अमेरिका के बीच होने वाली व्यापारिक बातचीत इस प्रस्ताव की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।

यह प्रस्ताव सिर्फ भारत के लिए नहीं है। अमेरिका ने चीन, यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, वियतनाम और बांग्लादेश सहित कुल 14 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं को इसके दायरे में रखा है। अमेरिकी प्रशासन का मानना है कि इन देशों में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मांग के मुकाबले उत्पादन क्षमता अधिक विकसित हो गई है। इससे वैश्विक बाजार में सामान की आपूर्ति बढ़ती है और कीमतों पर दबाव पड़ता है।

क्यों उठाया अमेरिका ने यह कदम?

दरअसल, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने मार्च में इस संबंध में जांच शुरू की थी। इसका मकसद यह पता लगाना था कि क्या कुछ देश सरकारी नीतियों के जरिए जरूरत से ज्यादा उत्पादन को बढ़ावा दे रहे हैं। अमेरिकी अधिकारियों का तर्क है कि अतिरिक्त उत्पादन के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में वस्तुओं की कीमतें गिरती हैं और अमेरिकी कंपनियों के लिए प्रतिस्पर्धा करना मुश्किल हो जाता है।

इस जांच में बैटरियों, सीमेंट, रसायनों और प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों सहित कई औद्योगिक क्षेत्रों को शामिल किया गया। अमेरिका का कहना है कि कुछ देशों की ऐसी नीतियां उसके घरेलू उद्योगों और व्यापारिक हितों को प्रभावित कर रही हैं।

फिलहाल लागू नहीं होगा नया टैरिफ

प्रस्ताव सामने आने के बावजूद भारतीय उत्पादों पर नया शुल्क तत्काल लागू नहीं किया जाएगा। अमेरिकी प्रशासन ने इसे सार्वजनिक परामर्श के लिए जारी किया है। इसके तहत उद्योगों, व्यापारिक संगठनों और अन्य संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे जाएंगे।

एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, यदि इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने का फैसला होता है तो इसके लागू होने की सबसे शुरुआती समयसीमा जनवरी 2027 हो सकती है।

गौरतलब है कि कुछ महीने पहले अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप प्रशासन के व्यापक वैश्विक टैरिफ को रद्द कर दिया था। अदालत ने अपने फैसले में कहा था कि राष्ट्रपति जिस कानूनी प्रावधान का इस्तेमाल कर रहे थे, उसके तहत उन्हें इस तरह के शुल्क लगाने का अधिकार नहीं था। हालांकि, ऑटोमोबाइल और स्टील जैसे कुछ उत्पादों पर अलग-अलग क्षेत्रीय टैरिफ अब भी लागू हैं।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!