Dark Mode
बूंदी स्थापना दिवस पर हुए विविध कार्यक्रम

बूंदी स्थापना दिवस पर हुए विविध कार्यक्रम

बूंदी। छोटी काशी बूंदी के 784वें स्थापना दिवस पर जिला प्रशासन व पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को गढ़ गणेश की विधिवत पूजा अर्चना कर कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। कार्यक्रम की शुरूआत में पंडित विश्वनाथ ने शहनाई की स्वर लहरियों के बीच वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जिला कलक्टर अक्षय गोदारा व पूर्व राजपरिवार सदस्य वंशवर्धन सिंह से पूजा अर्चना करवाई। इस दौरान जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीना, नगर परिषद सभापति सरोज अग्रवाल, सहायक पर्यटन अधिकारी प्रेमशंकर, इंटेक संयोजक राजकुमार दाधीच, संजय लाठी, पुरुषोत्तम पारीक सहित गणमान्य लोगों ने सामूहिक आरती कर बूंदी की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि बूंदी की ऐतिहासिक विरासत सभी को आकर्षित करती हैं। आमजन के लिए बूंदी स्थापना दिवस के अवसर पर पुरातत्व विभाग के अधीन स्मारकों पर प्रवेश निशुल्क किया गया हैं।
बेटी गौरव उद्यान में किया पौधारोपण- बूंदी स्थापना दिवस पर सर्किट हाऊस  स्थित बेटी गौरव उद्यान में पौधारोपण कर पौधे लगाओ बूंदी सजाओ का शुभारम्भ किया गया। जिला प्रमुख चन्द्रावती कंवर, जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीना, नगर परिषद सभापति सरोज अग्रवाल, सहायक पर्यटन अधिकारी प्रेमशंकर सैनी ने पीपल का पौधा लगाकर शुरुआत की। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा जामुन, शीशम, करंज, नीम, शहतूत व सहजन के पौधे लगाकर सहेजने का संकल्प लिया गया। साथ ही आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाकर बूंदी को स्वच्छ व सुंदर बनाने का आह्वान किया।
चित्रकला प्रदर्शनी का किया उद्घाटन- राजकीय संग्रहालय, सुखमहल में बूंदी स्थापना दिवस के अवसर पर फोटो व चित्रकला प्रदर्शनी का उद्घाटन जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा व सभापति सरोज अग्रवाल ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में बूंदी की ऐतिहासिक विरासत को सजाया गया। जिसमें गढ़ पैलेस, रानीजी की बावड़ी, चौरासी खम्भों की छतरी, सुखमहल, भीमलत जलप्रपात व चित्रशाला के फोटो शामिल रहें। बूंदी के चित्रकारों की बनाई पेंटिंग आकर्षण का केंद्र रही। चित्रों में बूंदी के वैभव के साथ हाड़ी रानी, अभ्यारण्य व लोक कलाकारों के चित्र शामिल रहें। इस अवसर पर रानीजी की बावड़ी, सुखमहल, चौरासी खम्भों की छतरी पर लोक कलाकारों ने कालबेलिया, कच्छी घोड़ी व घूमर नृत्य की प्रस्तुतियां देकर मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान संजय लाठी, राजकुमार दाधीच, नंद प्रकाश शर्मा, सर्वदमन शर्मा, नारायण मण्डोवरा, के सी वर्मा, जेपी त्रिपाठी सहित गणमान्य लोग शामिल रहें।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!