बूंदी के 782 वें स्थापना दिवस पर हुए विविध कार्यक्रम
बूंदी। 782वें बूंदी स्थापना दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः की बेला में नागर सागर कुंड पर शहनाई वादन के साथ हुई। ऐतिहासिक चौगान दरवाजे के पास स्थित नागर सागर कुंड पर भारतीय सांस्कृतिक निधि की ओर से शहनाई की समधुर धुनों के साथ ही कार्यक्रमों का सिलसिला बढ़ा।
इसके बाद गढ़ पैलेस स्थित गणेश जी की पंडित विश्वनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार व पंचामृत से स्नान कराकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर मुकेश चौधरी व राजपरिवार के पूर्व सदस्य वंश वर्धन सिंह ने आरती कर जन कल्याण की कामना की। इस दौरान सहायक पर्यटन अधिकारी प्रेमशंकर सैनी, पूर्व राजपरिवार सदस्य वंशवर्धन सिंह, बलभद्र सिंह, राजकुमार दाधीच, अशोक शर्मा, पुरुषोत्तम पारीक ,राजेन्द्र भारद्वाज, निरंजन जिंदल, नारायण मंडोवरा सहित गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बेटी गौरव उद्यान में किया वृक्षारोपण
बूंदी स्थापना दिवस के उपलक्ष में हरित बूंदी महाभियान के तहत सर्किट हाउस स्थित बेटी गौरव उद्यान में जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर गोस्वामी ने कहा कि बूंदी के स्थापना दिवस पर पौधरोपण कर महाअभियान की शुरुआत की है और पर्यावरण संरक्षण के लिए एक आ के बाद इस साल पर्यावरण व स्वच्छता के लिए कार्य किये जायेंगे। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस मोहित ,उपवन संरक्षक तरुण मेहरा, सहायक वन संरक्षक संजय शर्मा , रेडक्रॉस सचिव अशोक विजय, विट्ठल सनाढ्य,पृथ्वी सिंह राजावत सहित उपस्थित जन ने पौधे रोपे ।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
स्थापना दिवस के अवसर पर महारानी कन्या स्कूल में बूंदी के इतिहास पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता रखी गयी। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी तेज कंवर , प्रधानाचार्य कनक शर्मा, सहायक पर्यटन अधिकारी प्रेमशंकर ने द्वीप प्रज्वलन कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इंटेक संयोजक राजकुमार दाधीच ने छात्र छात्राओं से बूंदी के इतिहास से सम्बंधित प्रश्न पूछे। प्रश्नोत्तरी के विजेताओं को अतिथियो ने पुरस्कार दिए। संचालन भूपेंद्र शर्मा ने किया। इससे पूर्व नवल सागर व सीनियर हायर सेकेंडरी स्कूल में लोगों को पर्यावरण जागरूकता के लिए निशुल्क पौधे वितरित किए गए।