Dark Mode
वेनेजुएला में 11 साल बाद बड़ा सैन्य फेरबदल, रक्षा मंत्री बदला गया

वेनेजुएला में 11 साल बाद बड़ा सैन्य फेरबदल, रक्षा मंत्री बदला गया

कराकस। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश के रक्षा मंत्रालय में बड़ा बदलाव करते हुए जनरल गुस्तावो गोंजालेज लोपेज को नया रक्षा मंत्री नियुक्त किया है। वह लंबे समय से इस पद पर रहे जनरल व्लादिमीर पैड्रिनो लोपेज की जगह लेंगे। सरकारी बयान के अनुसार व्लादिमीर पैड्रिनो पिछले 11 वर्षों से अधिक समय से वेनेजुएला के रक्षा मंत्री पद पर थे और देश की सैन्य व्यवस्था में उनका अहम प्रभाव माना जाता था। राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में पैड्रिनो को उनके लंबे समय तक किए गए सेवा और देश के प्रति वफादारी के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि उन्हें सरकार में नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
पैड्रिनो ने अपने सैन्य करियर की शुरुआत पूर्व राष्ट्रपति ह्यूगो चावेज के दौर में राष्ट्रपति गार्ड की औपचारिक इकाई का नेतृत्व करते हुए की थी। बाद में उनका प्रभाव और बढ़ा जब पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने उन्हें 2014 के अंत में रक्षा मंत्री नियुक्त किया था। विश्लेषकों के मुताबिक हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद वेनेजुएला की सेना में स्थिरता बनाए रखने के लिए पैड्रिनो को लंबे समय तक पद पर बनाए रखा गया था। रिपोर्टों के अनुसार वेनेजुएला की सैन्य संरचना में करीब 2000 जनरल विभिन्न इकाइयों का नेतृत्व करते हैं और सेना का देश की अर्थव्यवस्था के कई क्षेत्रों में भी प्रभाव है। नए रक्षा मंत्री गुस्तावो गोंजालेज लोपेज पहले भी वेनेजुएला की सुरक्षा और खुफिया व्यवस्था में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। माना जा रहा है कि यह बदलाव देश की सैन्य और राजनीतिक संरचना में बड़े पुनर्गठन का संकेत हो सकता है। मौजूदा परिस्थितियों में रक्षा मंत्रालय में यह परिवर्तन वेनेजुएला की सत्ता व्यवस्था और सैन्य नेतृत्व के संतुलन को प्रभावित कर सकता है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!