उपराष्ट्रपति ने गीतानगर कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह में दिलाई नशामुक्ति की शपथ
गुवाहाटी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने रविवार को गुवाहाटी के श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में आयोजित गीतानगर कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई और युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उपराष्ट्रपति ने अपने संबोधन में नशे के दुष्प्रभावों पर चिंता जताते हुए युवाओं से इससे दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उपराष्ट्रपति ने असम को समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं की भूमि बताते हुए शिक्षा की परिवर्तनकारी भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों का उद्देश्य केवल छात्रों को करियर के लिए तैयार करना नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्ध जिम्मेदार नागरिक भी बनाना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने गीतानगर कॉलेज के नए अकादमिक भवन का उद्घाटन भी किया। उल्लेखनीय है कि गीतानगर कॉलेज को कन्या महाविद्यालय के नाम से भी जाना जाता है।