ग्राम साथिनों ने पूर्व विधायक डोगरा को दिया ज्ञापन
बून्दी। अखिल राजस्थान महिला व बाल विकास संयुक्त कर्मचारी संघ से जुड़ी साथिनो ने शनिवार को प्रदेश मंत्री अर्चना चित्तौड़ा की अगुवाई में पूर्व विधायक अशोक डोगरा को उनके निवास पर ज्ञापन सौपा। ज्ञापन में ग्राम साथिनो का मानदेय 10 प्रतिशत बढ़ाने की मांग की गई। प्रदेश मंत्री अर्चना चित्तौड़ा ने बताया कि राज्य सरकार ने जो बजट वर्तमान में पारित किया है उसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आशा सहयोगिनी और सहायिकाओं का 10 प्रतिशत मानदेय बढ़ाया गया है जबकि बजट घोषणा में ग्राम साथिनो का नाम नहीं आया जिससे सभी साथिनो में निराशा है। इस पर पूर्व विधायक डोगरा ने साथिनो को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह राज्य सरकार के पास उनकी बात पहुंचाएंगे और मानदेय बढ़ाने में उनका पूरा सहयोग करेंगे और मुख्यमंत्री और महिला बाल विकास मंत्री को पत्र भी लिखेंगे। ज्ञापन देने वालों में बीना जैन, फरीदा बानो, ललिता, गुड्डी बाई, सोनू शर्मा, रक्षा शर्मा, सुमन, ललित सेन, लाड सेन, राम मूर्ति, निर्मला मीणा सहित जिले की ग्राम साथीन मौजूद रही।