ग्रामवासियों ने की चरागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग
टोंक। जिले के नगरफोर्ट ग्राम सतवाड़ा एवं बालून्दा पंचायत के ग्रामवासियों ने चरागाह भूमि से अतिक्रमण हटवाये जाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा को ज्ञापन सौंपा। ग्रामवासी राकेश मीणा, शिवराज, मायाराम, रामफूल, बजरंग मीणा, दुर्गालाल, ईश्वर, राजेश एवं जंसीलाल आदि ने दिये गये ज्ञापन में मांग की है कि नगरफोर्ट के ग्राम सतवाड़ा एवं बालून्दा पंचायत में विगत कई वर्षो से 11 सौ बीघा चरागाह भूमि स्थित है, जिसमें ग्रामवासी पशु चराते आ रहे है, जहां चरागाह भूमि के आस-पास खातेदारों की भूमि भी स्थित है, लेकिन गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों ने चरागाह भूमि पर जबरन कब्जा कर रखा है, जिसमें वर्तमान में खेती की जा रही है एवं कुऐं व ट्यूबवेल लगा रखे है, जिससे फसलों की सिंचाई करते है एवं मकान बना रखे है। वर्तमान सरपंच अभी चरागाह भूमि में मकान बनाकर रह रहा है तथा चरागाह भूमि में से खाते की भूमि में आने-जाने वाले रास्ते को भी बंद कर रखा है, जिससे न तो गांव के लोग चरागाह भूमि में नहीं आ पा रहे है और ना ही जानवर चराने जा पाते है, जिससे काफी परेशानी होती है। प्रभावशाली लोगों को गांव के लोगों ने चरागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा तो मारने-पीटने पर आमादा हो जाते है। उन्होने मांग की है कि ग्राम सतवाड़ा, बालून्दा पंचायत में चरागाह भूमि से अतिक्रमण हटाया जाये।