सराधना के ग्रामीणों ने विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का किया ऐलान
जल जीवन मिशन योजना टेंडर होने के बावजूद भी नहीं हुई आरंभ, ग्रामीणों में रोष
मांगलियावास: सराधना ग्राम पंचायत क्षेत्र की गांव ढाणियों में जल जीवन मिशन योजना का आरंभ नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है और इसी के चलते ग्रामीणों ने विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित महंगाई राहत कैंप के दौरान ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी अजमेर महावीर सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपते हुए अपना रोष प्रकट किया है। इस अवसर पर अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति विकास अधिकारी विजय सिंह चौहान,, पूर्व शिक्षा मंत्री नसीम अख्तर, सरपंच सराधना हरिकिशन चौधरी सहित सैकड़ों ग्रामीण और महिलाएं उपस्थित थी। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि 3 वर्ष पूर्व पंचायत क्षेत्र में जल जीवन मिशन योजना का टेंडर एक ठेकेदार के नाम होने के बावजूद भी लापरवाह ठेकेदार ने आज तक कार्य आरंभ नहीं किया है। इसके लिए ग्रामीणों ने जलदाय विभाग के उच्च अधिकारियों को भी कई बार ज्ञापन दिया लेकिन कोई भी कार्यवाही नहीं होने से ग्रामीणों में रोष बढ़ता ही गया। सरपंच हरिकिशन चौधरी ने बताया कि सराधना के मजरे नदी प्रथम ,नदी दितीय, डांग सहित सराधना गांव में जल जीवन मिशन के तहत कार्य आरंभ नहीं होने से ग्रामीणों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि शीघ्र ही ठेकेदार कंपनी के खिलाफ कार्यवाही कर अगर कार्य आरंभ नहीं करवाया गया तो 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। पूर्व शिक्षा मंत्री नसीम अख्तर ने भी ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि ग्रामीणों की मांग को देखते हुए शीघ्र ही उचित कार्यवाही कर कार्य आरंभ करवाया जाएगा। उपखंड अधिकारी ने भी ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।