बांग्लादेश में फिर हिंसा, मुहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में लगाई आग
ढाका। बांग्लादेश में हिंसा की घटनाएं एक बार फिर सामने आई हैं। चटगांव में बुधवार रात पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आग लगा दी गई। पुलिस की सतर्कता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इसी दौरान गोपालगंज में भी हिंसा की एक बड़ी घटना हुई, जहां सांसद केएम बाबर के आवास में तोड़फोड़ और आगजनी की गई।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चटगांव के पंचलैश इलाके में स्थित यूनुस के पैतृक आवास के भूतल पर बने एक खाली कमरे में रात करीब 11:30 बजे आग लगाई गई। बांग्लादेशी अखबार 'प्रोथोम आलो' ने पुलिस के हवाले से बताया कि पंचलैश थाने के प्रभारी अधिकारी मोजम्मेल हक ने घटना की पुष्टि की है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, घर के आसपास नियमित गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों की नजर भूतल के खाली कमरे में लगी आग पर पड़ी। इसके बाद जवान तुरंत इमारत के अंदर पहुंचे और आग बुझा दी। उन्होंने बताया कि इमारत के भूतल पर कोई नहीं रहता है। घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। साथ ही, आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, मुहम्मद यूनुस के दो भाइयों के परिवार इसी इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर रहते हैं।
गोपालगंज में सांसद के आवास पर हमला
बांग्लादेश समाचार एजेंसी बीएसएस के मुताबिक, बुधवार रात गोपालगंज में गोपालगंज-2 के सांसद केएम बाबर के आवास पर भी उपद्रवियों ने हमला किया। रिपोर्ट में बताया गया कि प्रतिबंधित गतिविधियों वाले अवामी लीग के कथित समर्थकों ने 'जय बांग्ला' के नारे लगाते हुए सांसद के घर के मुख्य द्वार में आग लगा दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हमलावरों ने पहले कच्चे बम विस्फोट किए। इसके बाद पत्थरबाजी करते हुए लाठियों से खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और इमारत के भीतर घुसकर सांसद के निजी कार्यालय में तोड़फोड़ की।
क्लिनिक में मची अफरा-तफरी, मरीजों को निकाला गया
सांसद के आवास की ऊपरी मंजिल पर आराफ क्लिनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर संचालित है। हमले के दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई। क्लिनिक में मौजूद गर्भवती महिलाओं, हाल ही में सिजेरियन ऑपरेशन कराने वाली माताओं, नवजात बच्चों और उनके परिजनों को जल्दबाजी में बाहर निकलना पड़ा।
रिपोर्ट के मुताबिक, मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए हमलावरों ने खुद ही आग बुझा दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों के जवान मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। इस घटना में भी किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।