भोपालगढ़ क्षेत्र में मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन जारी
भोपालगढ़। भारत निर्वाचन आयोग व राज्य निर्वाचन विभाग द्वारा आगामी विधानसभा चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने एवं मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे स्वीप प्रोग्राम के तहत क्षेत्रीय निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं उपजिला कलक्टर नानगाराम चौधरी के मार्गदर्शन में विविध जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। स्वीप अभियान के स्थानीय ब्रांड एंबेसडर एसपीएम पीजी कॉलेज भोपालगढ़ के छात्रनेता मोतीलाल प्रजापत ने बताया कि अभियान के तहत बुधवार को श्री परसराम मदेरणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को ईवीएम मशीन से मतदान करने की प्रक्रिया के बारे में संपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं से डेमो ईवीएम मशीन से वोटिंग भी करवाई गई तथा छात्र-छात्राओं के समूह बनाकर ऑनलाइन लाइव प्रोग्राम दिखाकर संपूर्ण मतदान प्रक्रिया को भी समझाया गया। इसके साथ ही शहर के राजकीय कन्या महाविद्यालय भोपालगढ़ में भी छात्राओं को स्वीप अभियान की ब्रांड एंबेसडर सुमन खोखर व पूजा देवासी ने मतदान संबंधी आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय की करीब 80 से 90 छात्राओं को ऑनलाइन ऐप के माध्यम से वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने की प्रक्रिया समझाई गई तथा छात्राओं से ईवीएम मशीन से वोटिंग करवाई गई। स्वीप प्रोग्राम के सचिन प्रजापत व रामभजनी फड़ोदा ने बताया कि इसी प्रकार शहर के खेतेश्वर माध्यमिक स्कूल में भी छात्र-छात्राओं को मतदान जागरूकता की शपथ दिलवाई गई तथा छात्राओं ने स्वीप अभियान को लेकर स्लोगन लिखने के साथ ही कई तरह के जागरूकता पोस्टर भी बनाए।इस दौरान महाविद्यालय के स्वीप कार्यक्रम प्रभारी प्रो. हेमराज गर्ग, प्राचार्य विकास मोदी, किशोर जोरम व कृपाशंकर राजपुरोहित सहित कई शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद थे।