Dark Mode
जिले में मिशन मोड पर चलेगा मतदाता जागरूकता अभियान

जिले में मिशन मोड पर चलेगा मतदाता जागरूकता अभियान

नाथद्वारा। राजसमन्द जिला परिषद सीईओ राहुल जैन ने मंगलवार सुबह अपने कक्ष में बैठक लेकर स्वीप संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने आगामी विधानसभा निर्वाचन के मध्यनजर जिले में स्वीप गतिविधियों को वृहद स्तर पर आयोजित करने और हर वोटर तक पहुँच कर उसे जागरूक करने की बात कही। इस दौरान उन्होंने सभी से सुझाव भी लिए और समय पर इन सुझावों के क्रियान्वयन के भी निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाता जागरूकता गतिविधियों पर विशेष जोर दिया। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स की भी मदद लेने और मतदाता जागरूकता हेतु नवाचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान में हर मतदाता की भागीदारी जरूरी है और हमारा कर्तव्य है कि मतदाता जागरूकता गतिविधियां पूरी गंभीरता के साथ आयोजित हो जिससे लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाया जा सके।

शहर से लेकर गाँव तक करेंगे मतदाताओं को जागरूक
बैठक में उन्होनें मतदाता जागरूकता हेतु साउंड ट्रेक एवं शॉर्ट फिल्म निर्माण, वॉटर हेल्पलाइन एप अधिकाधिक डाउनलोड करवाने, सार्वजनिक स्थानों पर वॉटर हेल्पलाइन एप के क्यूआर कोड को चस्पा कर प्रदर्शित करने, आगामी मेलों एवं अन्य बड़े आयोजनों में स्टॉल या प्रदर्शनी के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने, काव्य गोष्ठी माध्यम से प्रचार प्रसार करने आदि को लेकर निर्देश दिए। इसी प्रकार से मासिक बिलों और रोगी पर्चियों पर मतदाता जागरूकता स्टाम्प लगवाने, ग्राम सभाओं के बाद ग्रामीण अञ्चल में रेलियाँ कर प्रचार करने, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता, संकल्प पत्र भरवाने, वाद विवाद प्रतियोगिताएं करवाने, ऑटो रेली, दौड़, मैराथन, खेल प्रतियोगिताएं जैसी गतिविधियां भी आयोजित करने की बात कही। साथ ही डिस्ट्रिक्ट आइकंस के साथ विविध गतिविधियां करने के भी निर्देश दिए।

हर विभाग को करनी होंगी स्वीप गतिविधियां
सीईओ ने कहा कि हर विभाग को मतदाता जागरूकता संबंधी कोई गतिविधि करनी होगी। उन्होंने कहा कि सोमवार को होने वाली जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में हर विभाग से मतदाता जागरूकता की गतिविधियों पर रिपोर्ट की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर विभाग अपने स्तर पर कोई न कोई नवाचार एवं गतिविधि अवश्य करें जिससे मतदाताओं को जागरूक कियाज सके। इसके अलावा बैठक में साप्ताहिक स्वीप ई-बुलेटिन जारी करने, हर पंचायत में स्वीप प्रभारी नियुक्त करने, अध्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रमों में जागरूकता गतिविधियां करने, नेहरू युवा केंद्र के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!