Dark Mode
इलेक्टरल लिटरेसी फेस्टिवल अंतर्गत हुआ मतदाता जागरूकता मेले का आयोजन

इलेक्टरल लिटरेसी फेस्टिवल अंतर्गत हुआ मतदाता जागरूकता मेले का आयोजन

आकर्षण का केंद्र रही मतदाता जागरूकता प्रदर्शनी

बारां। राजकीय कन्या महाविद्यालय में शनिवार को आयोजित इलेक्टोरल लिटरेसी फेस्टिवल में लोकतांत्रिक सहभागिता की झलक दिखी। इसमें युवाओं ने मताधिकार के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता मेले का आयोजन किया। जिला निर्वाचन अधिकारी व कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर एवं सीईओ राजवीर सिंह चौधरी के निर्देशन में आयोजित मेले का उद्घाटन निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एसडीएम विश्वजीत सिंह ने फ़ीता काटकर किया। इस अवसर पर बीडीओ दारा सिंह, सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव भी मौजूद रहे। एसडीएम ने उपस्थित जन को लोकतंत्र में मतदान का महत्व समझाते हुए जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा दी एवं प्रत्येक निर्वाचन में मतदान करने का संकल्प कराया। साथ ही प्रदर्शनी एवं विभिन्न स्टॉल का अवलोकन किया तथा मतू के साथ सेल्फी खिंचवाई। वहीं ईएलसी सदस्यों द्वारा मतदान के अधिकार एवं मतदान के महत्व के संबंध में बनाए गए रंगोली एवं पोस्टर की सराहना की। बीडीओ दारा सिंह ने कहा कि प्रत्येक निर्वाचन हमारे लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपने साथ अपने परिवार, पड़ौसी, मोहल्ले वालों को मतदान के लिए प्रेरित करने कहा।

निर्वाचन के ऑनलाइन एप्लीकेशंस से कराया रुबरु
स्वीप सह प्रभारी भार्गव ने महाविद्यालय के ईएलसी क्लब को जिले में सर्वश्रेष्ठ अवॉर्ड की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन लोकतंत्र के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का उत्सव है, क्योंकि मतदान प्रत्येक नागरिक का केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। इसलिए हमें लोकतंत्र के सशक्तिकरण के लिए प्रत्येक निर्वाचन में मतदान अवश्य करना चाहिए। इस दौरान भार्गव ने निर्वाचन के ऑनलाइन एप्लीकेशंस की जानकारी दी। वहीं नव मतदाताओं को अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए घर बैठे ईसीआई नेट ऐप द्वारा ऑनलाइन प्रक्रिया से करने की जानकारी दी गई। साथ ही सीविजिल, केवाईसी एवं सक्षम ऐप तथा 85 प्लस आयु वर्ग के मतदाताओं के लिए होम वोटिंग की सुविधा के बारे में बताया गया।

निर्वाचन के फॉर्म 6,7 एवं 8 का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण
ईएलसी सदस्यों ने फॉर्म-6,7 और 8 के माध्यम से नव मतदाता पंजीयन, नाम पृथक् करने और अपने ईपिक में सुधार करने का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया। जिससे नवमतदाता को ऑनलाइन आवेदन या बीएलओ के माध्यम से निर्वाचन संबंधी कार्य की जानकारी हो सके।

खेल-खेल में सीखी चुनावी प्रक्रिया
सहायक प्रोफेसर ज्योति के निर्देशन में विद्यार्थियों ने सांप सीढ़ी एवं लूडो के मनोरंजन खेल द्वारा निर्वाचन संबंधी प्रक्रिया को समझा, जहां नियमों को चुनावी संदेशों से जोड़ा गया है। इस खेल में सही मतदान प्रक्रिया (जैसे- वोट देना, नियमों का पालन) को सीढ़ी के रूप में दर्शाया गया है, जबकि गलतियों (जैसे- घूस लेना, अज्ञानता) को सांप के रूप में दिखाया गया है, ताकि आमजन समझदारी से मतदान करें।

सेल्फी विद मतू का क्रेज
प्रदर्शनी में एक सेल्फी कॉर्नर बनाया गया, जहां जिले के निर्वाचन शुभंकर मतू के साथ विद्यार्थियों ने सेल्फी का खूब आनंद लिया।

विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। छात्राओं ने जागरूकता गीत पर रंगारंग नृत्य प्रस्तुत किया। साथ ही मतदान के महत्व पर प्रश्नोत्तरी, नुक्कड़ नाटक,भाषण और गीतों के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार से नवाजा
प्राचार्य संजय कुमार मेहता ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजनों से लोकतांत्रिक चेतना को नई ऊर्जा मिलेगी और विद्यार्थियों से आमजन को मतदान के लिए प्रेरित करने को कहा। ईएलसी कोर्डिनेटर अजय कुमार मीणा ने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगी स्पर्धा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विजेताओं को उत्साह वर्धन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में खुशबू मीणा प्रथम, प्रज्ञा शर्मा द्वितीय तथा अंतिम सुमन तृतीय स्थान पर रही। वहीं इंग्लिश डिबेट में जिया गेरा, हिंदी भाषण में चंचल वैष्णव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, सांप सीढ़ी के खेल में पूजा बैरवा प्रथम एवं चंचल बैरवा द्वितीय स्थान पर रही तृतीय स्थान पर रेखा कुमारी रही, प्रश्नोत्तरी में प्रिया प्रथम स्थान, वहीं रंगोली में जिया बैरवा प्रथम वैशाली नगर द्वितीय तथा काजल महावर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, नुक्कड़ नाटक में पूजा एंड पार्टी विजेता रही। इस दौरान सहायक प्रोफेसर डॉ रेणु, प्रियांशी जेलिया परमेश्वर कुमार, शिखा शर्मा, अपर्णा शर्मा, मोहिनी सागवान, इमरान, स्वीप सदस्य रामचरण मीणा, कपिल नागर, नरेश कुमार एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। मंच संचालन सहायक प्रोफेसर हेमलता वैष्णव ने किया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!