लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मतदाता निभाएं अपनी जिम्मेदारी, आवश्यक रूप से करें मतदान : सुराणा
चूरू। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नगर निकाय आम चुनाव — 2026 के मध्यनजर शुक्रवार, 11 सितंबर, 2026 को सवेरे 07 बजे से सायं 06 बजे तक द्वितीय चरण में चूरू जिले में नगरपरिषद सरदारशहर तथा नगरपालिका तारानगर, साहवा, रतनगढ़, राजलदेसर व बीदासर में वार्ड सदस्यों के निर्वाचन हेतु मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अभिषेक सुराणा ने नगर निकाय आम चुनाव— 2026 के मध्यनजर द्वितीय चरण मतदान हेतु संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं से आवश्यक रूप से मतदान करने की अपील की है। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अभिषेक सुराणा ने संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे आवश्यक रूप से मतदान करें व लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा है कि प्रत्येक मतदाता का मतदान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जागरूक और जिम्मेदार मतदाता ही सशक्त एवं मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला हैं। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए पेयजल, छाया और रैंप, व्हीलचेयर आदि सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में नगरपरिषद सरदारशहर के कुल 55 वार्डों के लिए 89 मतदान केन्द्रों एवं नगरपालिका तारानगर के कुल 35 वार्डों के लिए 36 मतदान केन्द्रों, साहवा के कुल 20 वार्डों के लिए 20 मतदान केन्द्रों, रतनगढ़ के कुल 45 वार्डों के लिए 63 मतदान केन्द्रों, राजलदेसर के कुल 35 वार्डों के लिए 35 मतदान केन्द्रों व बीदासर के कुल 35 वार्डों के लिए 37 मतदान केन्द्रों पर मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी सुराणा ने मतदाताओं से अपील की है कि सभी मतदाता मतदान दिवस पर निर्धारित समय पर अपने मतदान केन्द्र पर पहुंचें, आवश्यक पहचान दस्तावेज साथ रखें तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए मतदान करें। वे बिना किसी प्रलोभन, दबाव या भेदभाव के अपने विवेक के अनुसार मतदान करें। इसी के साथ मतदाता स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने परिवार, पड़ोसियों एवं परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें और जिले में लोकतांत्रिक सहभागिता का सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करें। उन्होंने विशेष रूप से युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से पूरे उत्साह के साथ अपने मताधिकार का उपयोग करने का आग्रह किया है।