Dark Mode
टोंक निकाय चुनाव में वोटिंग तेज, उनियारा आगे

टोंक निकाय चुनाव में वोटिंग तेज, उनियारा आगे

टोंक. टोंक जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में सुबह से ही खासा उत्साह नजर आया। जिले की पांच नगर पालिकाओं के 135 वार्डों में पार्षद पद के लिए बुधवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। मतदान केंद्रों पर लोगों की आवाजाही बनी रही और पहली बार नगर पालिका बनी दूनी और पीपलू में भी मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।

सुबह 10 बजे तक उनियारा में सबसे ज्यादा 29.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पीपलू में 28.48 प्रतिशत और दूनी में 26.93 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके थे। वहीं निवाई में 22.73 प्रतिशत और देवली में 20.66 प्रतिशत मतदान हुआ।

दोपहर तक बढ़ी वोटिंग की रफ्तार

सुबह के मुकाबले दोपहर एक बजे तक मतदान प्रतिशत में काफी तेजी आई। इस समय तक दूनी में 65.81 प्रतिशत मतदान हो चुका था। पीपलू में 64.55 प्रतिशत और उनियारा में 60.46 प्रतिशत वोटिंग दर्ज हुई।

इसी तरह देवली में दोपहर एक बजे तक 54.03 प्रतिशत और निवाई में 51.82 प्रतिशत मतदान हुआ। आंकड़ों से साफ है कि दिन बढ़ने के साथ मतदाता बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचते रहे।

90 हजार से ज्यादा मतदाता डाल रहे वोट

इन पांच नगर पालिकाओं के चुनाव में कुल 90,842 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 45,960 पुरुष और 44,881 महिला मतदाता शामिल हैं। इन मतदाताओं के वोट से चुनाव मैदान में उतरे 532 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा।

खास बात यह है कि दूनी और पीपलू को हाल ही में नई नगर पालिका का दर्जा मिला है। ऐसे में यहां पहली बार नगर पालिका चुनाव को लेकर लोगों में अलग तरह का उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदाता स्थानीय विकास और अपनी प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान कर रहे हैं।

बूथों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

मतदान व्यवस्था का जायजा लेने के लिए प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। दूनी के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र का देवली एसडीएम रुबी अंसार ने निरीक्षण किया।

प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदान केंद्रों पर दिनभर मतदाताओं की आवाजाही जारी रहने की उम्मीद है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!