डेंगू पर वार: जुलाई में चलेगा जागरूकता अभियान
जयपुर : जयपुर में बढ़ते डेंगू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पूरे जुलाई माह को "डेंगू रोकथाम माह" के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान जिलेभर में डेंगू की रोकथाम और बचाव को लेकर विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि लोगों को बीमारी से बचाने के साथ-साथ समय रहते सतर्क किया जा सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक कर बीमारी की रोकथाम में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना भी है। इस बार अभियान की थीम "डेंगू नियंत्रण के लिए जन भागीदारी: जाँच करें, सफाई करें और ढकें" रखी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर पानी जमा होने वाले स्थानों की जांच करेंगी। पानी की टंकियां, कूलर, ड्रम, गमले, फ्रीज की ट्रे, परिंडे और छतों पर पड़े पुराने टायर या कबाड़ जैसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, क्योंकि यही जगहें डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल मानी जाती हैं।
उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार गोयल के अनुसार, जहां भी लार्वा मिलने की पुष्टि होगी, वहां तत्काल उपचार किया जाएगा। पानी से भरे कंटेनरों में टेमीफोस दवा डाली जाएगी और जलभराव वाले स्थानों पर मच्छर नियंत्रण के लिए आवश्यक उपाय किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सप्ताह में कम से कम एक बार अपने घर और आसपास की साफ-सफाई जरूर करें, पानी जमा नहीं होने दें और डेंगू रोकथाम अभियान में सक्रिय सहयोग देकर इस मौसमी बीमारी को फैलने से रोकने में भागीदार बनें।