Dark Mode
राजस्थान में मौसम में बदलाव, चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट, आंधी-बारिश की संभावना

राजस्थान में मौसम में बदलाव, चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट, आंधी-बारिश की संभावना

जयपुर। राजस्थान में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 21 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह सिस्टम 31 मार्च तक सक्रिय रहेगा, जिसके कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। हालांकि एक अप्रैल से इस सिस्टम का असर खत्म होने के साथ ही मौसम शुष्क (ड्राय) होने की संभावना है।

रविवार को इस सिस्टम का असर अपेक्षाकृत कमजोर रहा। बीकानेर संभाग में दिनभर मौसम शुष्क रहा और तेज धूप देखने को मिली। वहीं जालोर, सिरोही और पाली जिलों में आंशिक बादल छाए रहे। जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग में आसमान साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही।

मौसम विभाग के अनुसार इसका मुख्य कारण वातावरण में नमी (आर्द्रता) की कमी रहा।

रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान कोटा में 39.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो सामान्य से अधिक रहा। इसके अलावा चूरू में 37.6, पिलानी (झुंझुनूं) और अलवर में 37.2, बाड़मेर में 37, सीकर में 36, जैसलमेर में 35.8, जोधपुर में 35.3, श्रीगंगानगर में 34.5 और बीकानेर में 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।

मौसम विभाग ने अलर्ट वाले जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

विशेषकर आंधी और अचानक बदलते मौसम को देखते हुए किसानों और आमजन को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम में यह बदलाव जहां एक ओर गर्मी से राहत दिला सकता है, वहीं तेज हवाओं और बारिश के कारण जनजीवन भी प्रभावित हो सकता है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!