Dark Mode
पाकिस्तान के खिलाफ मंधाना-हरमन का रिकॉर्ड कैसा?

पाकिस्तान के खिलाफ मंधाना-हरमन का रिकॉर्ड कैसा?

दुबई। महिला एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला क्रिकेट फैंस की नजरों में है। भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है और अब उसकी कोशिश पाकिस्तान को हराकर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करने की होगी। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजी एक बार फिर सुर्खियों में रहेगी।

भारत ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया है। टीम ने थाइलैंड को 94 रन से मात दी थी, जबकि हांगकांग के खिलाफ 137 रन की बड़ी जीत दर्ज की। हांगकांग के खिलाफ स्मृति मंधाना ने शतकीय पारी खेलकर अपनी फॉर्म का दमदार परिचय भी दिया।

हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ आंकड़े देखें तो भारत की शीर्ष बल्लेबाजी तिकड़ी का रिकॉर्ड उम्मीदों के मुताबिक बेहद प्रभावशाली नहीं रहा है। ऐसे में इस मुकाबले में मंधाना, हरमनप्रीत और शेफाली के प्रदर्शन पर खास नजर रहेगी।

स्मृति मंधाना ने 2014 से 2026 के बीच पाकिस्तान के खिलाफ 11 मैचों की 11 पारियों में 307 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 68 रन रहा है। मौजूदा टूर्नामेंट में उनकी फॉर्म को देखते हुए भारतीय टीम उनसे एक बार फिर तेज और मजबूत शुरुआत की उम्मीद करेगी।

कप्तान हरमनप्रीत कौर के आंकड़े पाकिस्तान के खिलाफ कुछ कमजोर नजर आते हैं। उन्होंने 2009 से 2026 के बीच पाकिस्तान के खिलाफ 16 मैचों की 13 पारियों में 230 रन बनाए हैं। खास बात यह है कि टी20 क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ हरमन के नाम अब तक एक भी अर्धशतक नहीं है।

वहीं, आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचानी जाने वाली शेफाली वर्मा ने 2022 से 2026 के बीच पाकिस्तान के खिलाफ 5 मैचों की 5 पारियों में 127 रन बनाए हैं। भारतीय टीम को उम्मीद होगी कि शेफाली अपनी आक्रामक शैली से पाकिस्तान के गेंदबाजों पर शुरुआत से दबाव बनाएंगी।

पाकिस्तान की टीम भी इस मुकाबले को हल्के में नहीं ले सकती। उसने अपना पिछला मैच थाइलैंड के खिलाफ जीता है, लेकिन अभी सेमीफाइनल में उसकी जगह तय नहीं हुई है। टीम के पास आगे दो मुकाबले हैं और भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन उसके आत्मविश्वास को काफी बढ़ा सकता है।

भारत और पाकिस्तान के बीच महिला क्रिकेट में अब तक 17 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 14 बार जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 मुकाबलों में सफलता मिली है। आंकड़े भारत के पक्ष में हैं, लेकिन एशिया कप जैसे बड़े मंच पर दबाव और मौजूदा फॉर्म मुकाबले का रुख बदल सकते हैं।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!