नारी-शक्ति को सशक्त किये बिना, कोई भी राष्ट्र शक्तिशाली नहीं हो सकता
कुचेरा. शहर में स्तिथ राजकीय महाविद्यालय में महिला प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं की विधिक, वित्तीय एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता हेतु आयोजित किये जा रहे ‘छात्रा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम’ के अंतिम दिवस विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गयाl ‘सेहतमंद आधी आबादी: आवश्यकता एवं अनिवार्यता’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में इशिका टेलर ने प्रथम तथा पूजा सामरिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त कियाl ‘महिला सशक्तिकरण’ थीम पर आधारित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कृष्णा ने प्रथम एवं पूजा ने द्वितीय स्थान प्राप्त कियाl कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में मख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित इन्दुबाला चौधरी (डाकपाल, मुख्य डाकघर कुचेरा) ने ‘महिलाओं का वितीय सशक्तिकरण’ विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए बताया कि नारी-शक्ति राष्ट्र शक्ति का अभिन्न अंग है जिसे सशक्त किये बिना कोई भी राष्ट्र शक्तिशाली नहीं हो सकताl नारी की सुदृढ़ एवं सम्मानजनक स्थिति एक उन्नत, समृद्ध तथा मजबूत समाज की द्योतक हैl इसी कार्यक्रम के दौरान छात्रा पूजा सामरिया ने ‘महिलाओं के विधिक अधिकार’ विषय पर अपने विचार व्यक्त कियेl कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य हेमाराम तिरदिया ने आगन्तुक वक्ता एवं उपस्थित छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में नारियां जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपना वर्चस्व स्थापित कर रही हैंl शिक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता ने महिलाओं में नवीन चेतना भर दी हैl सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन छात्राओं मुस्कान बानों व उमा भारती द्वारा किया गयाl