Dark Mode
प्रेम प्रसंग में महिला की हत्या का खुलासा, हत्यारोपित प्रेमी गिरफ्तार

प्रेम प्रसंग में महिला की हत्या का खुलासा, हत्यारोपित प्रेमी गिरफ्तार

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में टोड़ी फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बुढ़ाई में हुई महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को ग्राम बुढ़ाई निवासी रजनी अहिरवार (35) पत्नी भूपत अहिरवार का शव उसके घर में खून से लथपथ हालत में मिला था। महिला की नाक और गर्दन पर धारदार हथियार से गहरे घाव पाए गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में अज्ञात आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर की निगरानी में टोड़ीफतेहपुर पुलिस ने मामले की गहन जांच की गई। सीओ मऊरानीपुर जितेन्द्र सिंह ने बताया कि पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक गांव के ही रक्षपाल बघेल पर गया। हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपित ने बताया कि उसका रजनी के साथ पिछले करीब आठ महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच लगातार बातचीत और मुलाकातें होती थीं। पिछले कुछ समय से महिला उस पर अपने साथ रखने का दबाव बना रही थी। घटना वाली रात महिला ने उसे घर बुलाया था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया और गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शनिवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार को मामले का खुलासा करते हुए आरोपित को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!