उपखंड अधिकारी के सरकारी आवास का महिलाओं ने किया घेराव
रतनगढ़ । उपखंड अधिकारी के सरकारी आवास का महिलाओं ने घेराव कर आज शनिवार को अपना आक्रोश जताते हुए गुहार लगाई है। शहरी नरेगा में कार्यरत महिलाओं ने नरेगा के दौरान किए गए कार्य का भुगतान एवं अन्य काम दिलवाने की मांग को लेकर अपना आक्रोश जताया था। शहर के विभिन्न वार्डों से आई दर्जनों महिलाओं के आक्रोश को देखते हुए उपखंड अधिकारी डॉ अभिलाषा सिंह महिला श्रमिकों के बीच पहुंची तथा उनसे वार्ता कर उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान महिलाओं ने बताया कि वे नगरपालिका के माध्यम से शहरी नरेगा में कार्यरत श्रमिक है, अब उन्हें नरेगा में काम नही मिल रहा तथा उनके द्वारा किए गए कार्य का कुछ महिलाओं को भुगतान नहीं मिल रहा है। साथ ही नगरपालिका उन्हें अन्य कार्य आंवटित भी नहीं कर रही है। उपखंड अधिकारी ने महिलाओं की समस्याओं को सुनकर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर महिलाओं का आक्रोश शांत हुआ। उपखंड अधिकारी डॉ अभिलाषा ने बताया कि उन्होंने पालिका के अधिशाषी अधिकारी भरतकुमार हरितवाल से वार्ता कर प्रकरण की पूरी जानकारी प्राप्त की है, जिसके तहत इनके द्वारा किए गए कार्य का भुगतान शीघ्र ही कर दिया जाएगा। काम दिलवाने की बात पर उपखंड अधिकारी ने कहा कि वर्तमान में पालिका के पास नाला सफाई का कार्य है, यदि इन श्रमिकों में से कोई यह कार्य करना चाहती है, तो उस कार्य में लग सकती है। अन्यथा सरकार द्वारा कार्य आवंटन के बाद भी इन्हें नई साईट उपलब्ध करवाई जाएगी। इस दौरान काफी संख्या में नरेगा महिला श्रमिक उपस्थित थे।