महिलाओं का महासम्मेलन 'संवर्धिनी' रविवार को
जयपुर। रविवार को जयपुर में महिलाओं का एक विशाल महासम्मेलन होने जा रहा है। जिसमें 2000 से अधिक महिलाओं के सम्मिलित होने की सम्भावना है। महासम्मेलन मानसरोवर के दीप सभागार में आयोजित होगा।
समन्वय संयोजिका डॉ. मंजु शर्मा ने कहा कि महासम्मेलन को सर्वस्पर्शी बनाने का प्रयास किया गया है। इसमें समाज के हर वर्ग- व्यवसायी, चिकित्सक, अभियन्ता, प्रशासनिक अधिकारी, समाज सेवी, सामाजिक संगठन चलाने वाली, शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी व विभिन्न जाति-बिरादरियों का नेतृत्व करने वाली महिलाएं भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज की महिलाओं को जागृत करना है। संवर्धिनी के रूप में इसकी एक शुरुआत है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में तीन सत्र होंगे। उद्घाटन सत्र में मुख्यवक्ता के रूप में सुश्री भाग्यश्री साठे (महिला समन्वय, अखिल भारतीय सह संयोजिका) भारतीय चिंतन में महिला विषय पर अपने विचार रखेंगी। दूसरा सत्र चर्चात्मक होगा, जिसमें महासम्मेलन में भाग ले रही सभी महिलाओं से सामाजिक विषयों पर विचार विमर्श होगा। तीसरा सत्र भारत के विकास में महिलाओं की भूमिका विषय पर होगा, जिसे पुष्पा जांगिड़ (महिला समन्वय, जोधपुर संयोजिका) सम्बोधित करेंगी।
महासम्मेलन में महिला विषयक प्रदर्शनी होगी। स्वदेशी स्टॉल्स सजाए जाएंगे, साथ ही मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। पॉंच सेल्फी प्वांइट होंगे, जिनमें चंद्रयान प्रक्षेपण से लेकर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भूमिका दर्शायी जाएगी। हर सेल्फी प्वाइंट संदेशप्रद व विशेष होगा।